- सुबह 8 बजे अचानक धंसी मुख्य सड़क
Ranchi : धनबाद-रांची मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब केंदुआडीह थाना के पास सड़क अचानक बीच से करीब 2 फीट तक धंस गई। घटना सुबह लगभग 8 बजे की बताई जा रही है। सड़क धंसने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
सड़क में आईं दरारें, बड़े हादसे की आशंका
सड़क धंसने के साथ ही कई स्थानों पर गहरी दरारें दिखाई देने लगीं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर मुख्य मार्ग को बंद कर दिया।
लिंक रोड से कराया जा रहा यातायात संचालन
मुख्य मार्ग बंद होने के बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए वाहनों का संचालन पास की लिंक रोड से शुरू कराया है।
लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
BCCL और प्रशासन को दी गई सूचना
केंदुआडीह थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि सड़क धंसने की सूचना बीसीसीएल और जिला प्रशासन को दे दी गई है।
सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग को स्थायी रूप से बंद करने पर भी विचार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने लगाया साजिश का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों और वार्ड संख्या 12 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्णा राउत ने आरोप लगाया कि, बीसीसीएल लोगों को हटाने के लिए साजिश कर रही है। विस्थापन के लिए लोग तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्तें नहीं मानी जा रही हैं।
पहले से गैस रिसाव से परेशान है इलाका
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से जहरीली गैस रिसाव की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिसमें कई लोगों की जान जा चुकी है। अब मुख्य सड़क का धंसना स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा रहा है।



