- बैंकमोड़ स्थित मिठाई दुकान में मची अफरा-तफरी, शॉर्ट सर्किट और गैस रिसाव दोनों एंगल पर जांच
Jharkhand: धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने मौजूद प्रसिद्ध (Famous) चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
सुबह सात बजे उठीं आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे अचानक दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के अंदर रखा सामान जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लंबे समय तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया, जिसके बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
Dhanbad News: दुकान संचालक ने बताया शॉर्ट सर्किट वजह
दुकान संचालक बबलू ने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। उन्होंने कहा कि आग लगने से दुकान में रखा मिठाई, खाद्य सामग्री, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया है। संचालक के अनुसार इस हादसे में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
गैस सिलेंडर लीक होने की भी आशंका
वहीं स्थानीय लोगों ने आग लगने की अलग वजह बताई है। लोगों का कहना है कि दुकान में तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से आग लगी हो सकती है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते हैं, जो हमेशा खतरे का कारण बने रहते हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि अगर आग और अधिक फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति रहते हैं।
Dhanbad News: प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन से इलाके में सुरक्षा मानकों की जांच कराने और अवैध रूप से लगाए गए चूल्हों पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Hazaribag News : महुआ शराब की गैस से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत



