spot_img
spot_img
Homeशिक्षाCISCE Exam Timetable: 2027 की ICSE व ISC बोर्ड परीक्षा का डेटशीट...

Related Posts

CISCE Exam Timetable: 2027 की ICSE व ISC बोर्ड परीक्षा का डेटशीट जारी

10वीं की परीक्षा 15 फरवरी और 12वीं की 9 फरवरी से होगी शुरू, परीक्षा के समय में हुआ बड़ा बदलाव, 10 बजे मिलेगा प्रश्न पत्र

CISCE Exam Timetable: काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISE) ने वर्ष 2027 की 10वीं (ICSE) और 12वीं (ISC) की बोर्ड परीक्षाओं की विस्तृत डेटशीट जारी कर दी है। नई दिल्ली स्थित बोर्ड मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं में देश और विदेश से कुल 3,79,980 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सीआईएससीई ने निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता वाले मूल्यांकन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए समय सारिणी आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इसके तहत आईसीएसई 10वीं की परीक्षा में 3,106 संबद्ध विद्यालयों के 2.70 लाख छात्र तथा आईएससी 12वीं में 1,651 स्कूलों के 1.10 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।

CISCE Exam Timetable में परीक्षा समय में बड़ा बदलाव

इस बार की बोर्ड परीक्षा में सीआईएससीई ने 10वीं (ICSE) के परीक्षा समय में अत्यंत महत्वपूर्ण और बड़ा परिचालन बदलाव किया है। नए नियमों के अनुसार प्रश्न पत्र पढ़ने का समय (रीडिंग टाइम) अब सुबह 10:00 बजे शुरू होगा। इसके ठीक 15 मिनट बाद सुबह 10:15 बजे से उत्तर पुस्तिका पर लिखने का समय (राइटिंग टाइम) शुरू होगा। पूर्व की परीक्षाओं में प्रश्न पत्र पढ़ने का समय सुबह 10:45 बजे और लिखने का समय सुबह 11:00 बजे निर्धारित था।

बोर्ड ने कड़ा निर्देश दिया है कि सभी परीक्षार्थियों को सुबह 9:45 बजे तक अपने आवंटित परीक्षा कक्ष या हॉल में अपनी सीटों पर बैठ जाना अनिवार्य होगा। समय से न पहुंचने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

CISCE Exam Timetable: 10वीं में 76 और 12वीं में 60 विषयों की होगी परीक्षा

जारी समय सारिणी के मुताबिक आईसीएसई (कक्षा 10वीं) की बोर्ड परीक्षाएं सोमवार 15 फरवरी 2027 से प्रारंभ होकर बुधवार 31 मार्च 2027 को समाप्त होंगी। यह परीक्षा भारत और विदेशों में बनाए गए कुल 2,835 परीक्षा केंद्रों पर 76 विभिन्न विषयों एवं प्रश्न पत्रों के लिए आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 51,168 छात्र, पश्चिम बंगाल से 46,521, कर्नाटक से 33,417, महाराष्ट्र से 31,035, पंजाब से 19,308 तथा झारखंड से 17,201 परीक्षार्थी 10वीं बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे।

वहीं आईएससी (कक्षा 12वीं) की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार 9 फरवरी 2027 से शुरू होकर गुरुवार 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। 12वीं की परीक्षा 1,477 केंद्रों पर 60 विषयों में होगी। इसमें उत्तर प्रदेश से 34,702, पश्चिम बंगाल से 30,235, उत्तराखंड से 5,629, पंजाब से 5,479, झारखंड से 5,356, महाराष्ट्र से 4,660, तमिलनाडु से 3,572, केरल से 3,491 और कर्नाटक से 3,010 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।

 दिसंबर मध्य से मिलेंगे प्रवेश पत्र

सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी एवं सचिव डॉ. जोसेफ इमैनुएल ने घोषणा करते हुए कहा कि किसी भी परीक्षा प्रणाली की साख उसकी प्रक्रियाओं की निष्पक्षता, प्रशासनिक ईमानदारी और विद्यार्थियों व अभिभावकों के विश्वास पर टिकी होती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की मूल भावना के अनुरूप बोर्ड अब रटंत विद्या के बजाय योग्यता-आधारित मूल्यांकन (कॉपिटेंसी-बेस्ड असेसमेंट), तार्किक सोच, वास्तविक समस्याओं के समाधान और वैचारिक समझ को प्राथमिकता दे रहा है।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी रहेगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2027 की परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) का वितरण स्कूलों के माध्यम से मध्य दिसंबर 2026 से प्रारंभ कर दिया जाएगा। छात्र विस्तृत विषयवार डेटशीट आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर जाकर सीधे डाउनलोड कर सकते हैं।

Read also: Ranchi Cyber Fraud: चार बैंक खातों से 14.87 लाख की ठगी

 

Latest Posts