सालडीह घाट पर शव मिलने से सनसनी, आदित्यपुर में रहकर कर रहा था प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
Adityapur Student Death: सरायकेला-खरसावां के आदित्यपुर में शुक्रवार सुबह एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खरखई नदी के स्थानीय सालडीह घाट पर शव बरामद किया गया। मृतक प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाला छात्र था। नदी में शव देखते ही घाट पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त हो गई है। उसका नाम सुमित कुमार मंडल था। वह मूल रूप से धनबाद का रहने वाला था। वह गुरुवार से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Adityapur Student Death: कमरे पर रहकर कर रहा था पढ़ाई, गुरुवार को अचानक हो गया था लापता
सुमित आदित्यपुर-2 के आरआईटी थाना अंतर्गत रोड नंबर 24 में अपने दोस्त के साथ रहता था। दोनों ने किराए पर एक कमरा लिया था। दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। गुरुवार को सुमित कमरे से निकला। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसके परेशान दोस्त ने काफी खोजबीन की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने आरआईटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
Adityapur Student Death: पार्षद ने पुलिस को दी थी सूचना
शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी में शव देखा। उसके बाद लोगों ने पार्षद शांतनु कुमार को बताया। पार्षद ने फौरन पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। मौके पर जरूरी कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
सुमित की मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया। दोस्तों के बीच भी मातम छा गया। छात्र की मौत कैसे हुई? यह अब तक एक पहेली है। यह कोई हादसा है या साजिश? पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहमा है कि रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa Elephant Death: जगन्नाथपुर में हथिनी की संदिग्ध मौत, जांच शुरू


