Latehar News: धर्मपुर में गिरा पेड़, धान व सरसों की फसल पर पड़ा प्रतिकूल असर; नेतरहाट रोड पर कोहरे के बीच रेंगते दिखे वाहन
Latehar News: चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) के प्रभाव के कारण पिछले तीन दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश से लातेहार जिले में आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश और खराब मौसम की वजह से शहर की दुकानें काफी देर से खुल रही हैं और शाम होते ही जल्दी बंद हो जा रही हैं। सबसे विकट स्थिति महुआडांड़ प्रखंड में उत्पन्न हुई है, जहां पिछले 12 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
बिजली गुल होने से बढ़ीं परेशानियां, धर्मपुर में गिरा पेड़
लगातार घंटों बिजली न रहने के कारण लोगों के मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए हैं और पानी के मोटर समेत सभी इलेक्ट्रिक उपकरण बंद पड़े हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हल्की बारिश या मौसम में जरा सा बदलाव होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाना इस क्षेत्र की स्थायी समस्या बन चुकी है। लातेहार जिला मुख्यालय के धर्मपुर इलाके में भी घंटों से बिजली सेवा पूरी तरह बाधित है।
धर्मपुर मोहल्ले में बुनियादी विद्यालय के समीप बारिश और तेज हवा के कारण एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया। उधर, नेतरहाट रोड में छाए घने कोहरे (Dense Fog) के कारण दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर रेंग-रेंगकर गाड़ियां चलानी पड़ रही हैं। हालांकि, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बारिश रुकने के बाद सड़कों पर थोड़ी चहल-पहल देखी गई और दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खोले।
चक्रवाती बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी, फसलों को भारी नुकसान की आशंका
इस बेमौसम बारिश और चक्रवाती तूफान ने लातेहार के किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल गिर जाने से भारी नुकसान की आशंका है। इसके अलावा, आलू और सरसों की हालिया बोई गई फसलों में जलजमाव के कारण पौधे खराब होने का खतरा मंडराने लगा है। किसान प्राकृतिक प्रकोप से हुए नुकसान को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।
read also:Jamshedpur Cyber Fraud: बिरसानगर में बड़ा खुलासा, 90 एटीएम कार्ड बरामद


