टाटानगर स्टेशन पर रेलवे के एजीएम से मिले सतबीर सिंह सूमो, रेल मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
Jallianwala Bagh Express: टाटानगर से अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) को कोहरे के नाम पर बंद करने की तैयारी से यात्रियों में भारी रोष है। इस फैसले के विरोध में सोमवार को सामाजिक प्रतिनिधि सतबीर सिंह सूमो टाटानगर स्टेशन पहुंचे। उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक (AGM) मनीष कुमार जैन से मुलाकात की। सूमो ने रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कोल्हान के यात्रियों की चिंताएं सामने रखीं। उन्होंने ट्रेन का परिचालन जारी रखने की पुरजोर मांग की।
Jallianwala Bagh Express: आस्था और कारोबार की लाइफलाइन, पहिए थमने से बढ़ेगी आफत
यह ट्रेन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की जरूरत है। यह रूट झारखंड को लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे बड़े केंद्रों से जोड़ता है। श्री हरमंदिर साहिब, अयोध्या और ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं का इससे गहरा जुड़ाव है। हजारों व्यापारी और आम लोग इसी ट्रेन के भरोसे सफर करते हैं। सर्दियों में अचानक सेवा बंद होने से यात्रियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
Jallianwala Bagh Express: आधुनिक तकनीक के दौर में ट्रेन बंद करना बेमानी, सुरक्षा के साथ चले गाड़ी
भारतीय रेलवे आज अत्याधुनिक तकनीकों से लैस हो चुका है। ट्रेनों में फॉग-सेफ डिवाइस, मॉडर्न सिग्नलिंग और मजबूत संचार तंत्र मौजूद हैं। ऐसे में कोहरे के बहाने महत्वपूर्ण ट्रेन को पूरी तरह बंद करना समझ से परे है। रेल प्रशासन चाहे तो दृश्यता घटने पर गति नियंत्रित कर सकता है। अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाए जा सकते हैं। मगर यात्रियों को विकल्पहीन छोड़ना कतई जायज नहीं है।
सिख समाज और भाजपा नेताओं ने भरी हुंकार, जनभावनाओं की अनदेखी न करने की अपील
प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि यह ट्रेन देश की सामाजिक और सांस्कृतिक एकता की अहम कड़ी है। इस दौरान चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे, हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर और हरदीप सिंह समेत सिख समाज व भाजपा के कई नेता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि जनहित के इस मुद्दे पर रेलवे को तत्काल पुनर्विचार करना होगा। मांगें पूरी न होने पर जन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Domuhani Bridge Checkpost: आधी रात पुलिस का औचक निरीक्षण


