spot_img
spot_img
HomecrimeJharkhand Crime : पलामू में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन युवकों को लगी गोली

Related Posts

Jharkhand Crime : पलामू में ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन युवकों को लगी गोली

Jharkhand Crime : झारखंड के पलामू जिले में बुधवार रात कोयल नदी किनारे हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र स्थित शिवाला घाट के पास हुई इस घटना में तीन युवकों को गोली लगी, जबकि वहां मौजूद तीन-चार अन्य युवक बाल-बाल बच गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

शिवाला घाट पर अचानक चली गोलियां

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:40 बजे शिवाला घाट के पास आधा दर्जन से अधिक युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान पांच से छह हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

तीन युवक घायल, दो अस्पताल में भर्ती

फायरिंग में मेदिनीनगर के शास्त्री नगर (भट्ठी मोहल्ला) निवासी 18 वर्षीय दिनेश कुमार, 25 वर्षीय निखिल कुमार और चैनपुर निवासी 20 वर्षीय प्रकाश कुमार घायल हो गए। दिनेश के पेट में, निखिल की कमर और बांह में तथा प्रकाश के हाथ में गोली लगी। दिनेश और निखिल को तत्काल डॉ. राहुल अग्रवाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि प्रकाश का इलाज किस अस्पताल में चल रहा है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

आपसी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ चिरंजीव मंडल अस्पताल पहुंचे और घायलों से जानकारी लेने के बाद जांच शुरू कराई। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान में जुटी है।

लगातार बढ़ रही हिंसक घटनाएं

पलामू जिले में हाल के दिनों में गोलीबारी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस ताजा वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

तीन घंटे पहले भी हुई थी हिंसक वारदात

गौरतलब है कि इसी घटना से करीब तीन घंटे पहले चैनपुर थाना क्षेत्र के काराकाट बंदूवा गांव में एक युवती के कथित अपहरण के प्रयास के दौरान भी गोलीबारी और चाकूबाजी हुई थी। उस घटना में युवती के पिता सुलेमान मियां, मां शाहिना बीवी और भाई मकबूल मियां गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के लिए रांची ले जाते समय मकबूल मियां की मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें : Parliament Opposition Protest : संसद में विपक्ष का हंगामा, छात्र कार्रवाई व राम मंदिर चढ़ावा मुद्दे पर घिरी सरकार

Latest Posts