- भव्य आयोजन में झलकी बंगला संस्कृति की समृद्ध परंपरा
Ghatshila College Bengali Festival : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के घाटशिला कॉलेज में बंगला विभाग के संयोजन में बंगला वर्ष वरण उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान विश्वविद्यालय के बंगला विभाग की विभागाध्यक्षा डॉ. संचिता भुइ सेन उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. सेन एवं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, घाटशिला प्रखंड प्रमुख सुशीला टुडू, पावड़ा पंचायत की मुखिया पार्वती मुर्मू, अधिवक्ता काउंसिल के अध्यक्ष राकेश शर्मा, घाटशिला विभूति स्मृति संसद के अध्यक्ष देवी प्रसाद मुखर्जी एवं गौरीकुंज उन्नयन समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी की उपस्थिति रही।
सभी भाषा और संस्कृति का करें सम्मान : प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. आर.के. चौधरी ने कहा कि बंगला संस्कृति अपनी उदारता, विचारधारा और कला प्रेम के कारण भारतीय उपमहाद्वीप में विशेष स्थान रखती है। उन्होंने समाज और राष्ट्र के हित में सभी भाषाओं और संस्कृतियों के सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया।

घर में अपने बच्चों से मातृभाषा में ही बात करें : डॉ. संचिता भुइ सेन
मुख्य अतिथि डॉ. संचिता भुइ सेन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं को बांग्ला संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है और उनके भीतर इस संस्कृति के प्रति सम्मान और जुड़ाव बढ़ता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं के माता- पिता व अभिभावकों से अपने बच्चों से घर में काम से कम अपनी मातृभाषा में बोलने तथा उन्हें पढ़ने व लिखने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
भव्य शोभायात्रा निकली, महापुरुषों को दी गई श्रद्धांजलि
उत्सव के तहत कार्यक्रम से पूर्व कॉलेज परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कॉलेज रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। वहां नेताजी को माल्यार्पण किया गया। इसके बाद विभूति स्मृति संसद परिसर में विभूतिभूषण बंधोपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए।इसके पश्चात शोभायात्रा कॉलेज वापस लौटी, जहां रवींद्रनाथ ठाकुर, शरतचंद्र चट्टोपाध्याय एवं काजी नसरुल इस्लाम के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुस्तक विमोचन रहा आकर्षण
समारोह के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बंगला विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप चंद्र की पुस्तक “बंगला साहित्येर बहुमात्रिक पाठ” का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप चंद्र एवं डॉ. रत्ना मुखर्जी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के समापन पर में सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
बंगभाषी संस्थाओं व कॉलेज परिवार का रहा योगदान
इस आयोजन को सफल बनाने में घाटशिला की विभिन्न बंग भाषी संस्थाओं- विभूति स्मृति संसद, गौरी कुंज उन्नयन समिति, इवनिंग क्लब बाबुलाइन, संस्कृति संसद दाहिगोड़ा, काशिदा एथलेटिक क्लब, नेताजी पाटागार, अंकुर क्लब राज स्टेट और आनंद धारा महिला समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही कॉलेज के शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. दिलचंद राम, प्रो. इंदल पासवान, डॉ. महेश्वर प्रमाणिक, डॉ. एस.पी. सिंह सहित सभी शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Baharagora Suspicious Bomb News : बहरागोड़ा में फिर मिला संदिग्ध सिलेंडरनुमा बम, स्वर्णरेखा किनारे दहशत का माहौल



