- सुवर्णरेखा नदी से मिला लापता युवक का शव
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुवर्णरेखा नदी से एक लापता युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो 15 अप्रैल की रात से घर से लापता थे।
रात से थे लापता, परिजन कर रहे थे तलाश
परिजनों के अनुसार, संतोष कुमार 15 अप्रैल की रात अचानक घर से निकल गए थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। पहले परिवार ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
सुबह नदी में उतराता मिला शव
गुरुवार सुबह परिजन सुवर्णरेखा नदी के किनारे पहुंचे, जहां उन्हें पानी में एक शव उतराता दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी
परिजनों ने बताया कि संतोष कुमार अविवाहित थे और पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर डूबने से मौत की आशंका है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
Also Read : Garhwa Accident News: अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ने दो युवकों को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत



