अमेज़न और फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हुई किताब, कोल्हान विवि प्रॉक्टर व प्राचार्य ने किया लोकार्पण
Jamshedpur KCC: उच्च शिक्षा और संधारणीय विज्ञान (सस्टेनेबल साइंस) के क्षेत्र में करीम सिटी कॉलेज, जमशेदपुर ने एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज के स्नातकोत्तर रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. अली जान हुसैन की नई शैक्षणिक पुस्तक ‘हैंडबुक ऑफ ग्रीन केमिस्ट्री: प्रिंसिपल्स, एप्लीकेशन एंड सस्टेनेबल प्रैक्टिसेज’ का विधिवत विमोचन किया गया।
लोकार्पण कोल्हन विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज के शुभ हाथों से संपन्न हुआ। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक वर्ल्ड एकेडमिक प्रेस द्वारा वैश्विक स्तर पर प्रकाशित यह पुस्तक अब अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसे प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हो गई है।
Jamshedpur KCC: सह-लेखकों के साथ मिलकर एनईपी 2020 के सिलेबस पर लिखी पुस्तक
डॉ. अली जान हुसैन ने यह महत्वपूर्ण पाठ्यपुस्तक जीएच रायसोनी यूनिवर्सिटी, अमरावती के सहायक प्रोफेसर डॉ. तपन कुमार शंकर और अपने पूर्व छात्र एवं सीएसआईआर-एनएमएल (CSIR-NML) के रिसर्च स्कॉलर लोकोकृष्ण झा के साथ मिलकर लिखी है। अक्टूबर 2026 में प्रकाशित डॉ. हुसैन की यह दूसरी पुस्तक है।
इसे विशेष रूप से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत कोल्हान विश्वविद्यालय के चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (FYUGP सिलेबस) सहित झारखंड के सभी विश्वविद्यालयों के स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) विद्यार्थियों के नए पाठ्यक्रम के अनुरूप तैयार किया गया है। यह पुस्तक संधारणीय रासायनिक प्रक्रियाओं, एटम इकोनॉमी और प्रदूषण निवारण का बेहद व्यावहारिक और सरल परिचय देती है। इस अंतरराष्ट्रीय सफलता पर कॉलेज के प्राचार्य, सभी शिक्षकों और प्रशासन ने डॉ. हुसैन को हार्दिक बधाई दी है।
Jamshedpur KCC: विक्रम साराभाई प्राइज व अंतरराष्ट्रीय यूके पेटेंट से सम्मानित हैं डॉ. हुसैन
डॉ. अली जान हुसैन का शैक्षणिक और शोध करियर असाधारण उपलब्धियों से भरा रहा है। विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें मई 2026 में प्रतिष्ठित ‘विक्रम साराभाई प्राइज 2026’ (यंग साइंटिस्ट अवार्ड) और मार्च 2026 में ‘इंटरनेशनल यंग साइंटिस्ट अवार्ड 2026’ से नवाजा जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, डॉ. हुसैन के नाम कुल 4 डिज़ाइन पेटेंट दर्ज हैं। उनके द्वारा विकसित की गई ‘इंटीग्रल लेजर मार्कर’ तकनीक को यूनाइटेड किंगडम (UK) से अंतरराष्ट्रीय पेटेंट प्राप्त है। इसी नवाचार के चलते वर्ष 2023 में उनका चयन नासा (NASA) के इमेजिंग इनोवेशन प्रोग्राम के लिए भी किया गया था।
नेचर व स्प्रिंगर में छप चुके हैं शोध पत्र, शहर के ही संस्थानों से की है पढ़ाई
डॉ. हुसैन की प्रारंभिक और उच्च शिक्षा जमशेदपुर के ही प्रतिष्ठित संस्थानों से हुई है। वे करीम सिटी कॉलेज से बीएससी (B.Sc.) और जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज से एमएससी (M.Sc.) के पूर्व छात्र रहे हैं। इसके बाद उन्होंने एनआईटी जमशेदपुर (NIT Jamshedpur) से पर्यावरण रसायन विज्ञान में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
उनके कई महत्वपूर्ण शोध पत्र ‘नेचर’ (Nature) और ‘स्प्रिंगर’ (Springer) जैसे दुनिया के शीर्ष अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी इस नई पुस्तक से झारखंड के विज्ञान विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलने की उम्मीद है।
Read also: Manoharpur News: जंगली सूअर का शिकार करने पर किसान हिरासत में


