spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur News: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर टॉपर्स को मिले...

Related Posts

Jamshedpur News: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर टॉपर्स को मिले लैपटॉप

18 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र व 5.69 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण

Jamshedpur News: विगत 17 से 28 नवंबर तक आयोजित झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर साकची स्थित समाहरणालय में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच कुल 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों और स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि पखवाड़े के दौरान जिला से लेकर प्रखंड और पंचायत स्तर तक कई गतिविधियां चलाई गईं। इसका मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे इन योजनाओं का बेहतर उपयोग कर अपनी आजीविका और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं।

Jamshedpur News: जेएसएलपीएस को 4.54 करोड़, कृषि व मत्स्य लाभुकों को मिली सौगात

समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। जेएसएलपीएस के अंतर्गत फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, कैश क्रेडिट लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि और समावेशी आजीविका योजना के तहत दो हजार से अधिक लाभुकों को कुल 4.54 करोड़ रुपये का लाभ उपलब्ध कराया गया।

इसके अलावा मत्स्य विभाग के 9 लाभुकों को 44.40 लाख रुपये की लागत से बायोफ्लॉक तालाब और नाव का लाभ दिया गया। कृषि विभाग के 4 लाभुकों को कुल 4.47 लाख रुपये के सौर ऊर्जा आधारित पंप और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्वीकृति मिली। पशुपालन विभाग के 4 लाभुकों को 2.70 लाख रुपये की ब्रॉयलर कुक्कुट योजना तथा गव्य विकास विभाग के 2 लाभुकों को 2 लाख रुपये की पनीर-खोआ मेकिंग यूनिट प्रदान की गई। वहीं, अबुआ आवास योजना के 2 लाभुकों को स्वीकृति पत्र और 8 लाभुकों को वन पट्टा सौंपा गया।

Jamshedpur News: टॉपर्स को लैपटॉप व फोन, तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को मिला पेंशन पत्र

समारोह में शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। जैक (JAC), सीबीएसई (CBSE) और आईसीएसई (ICSE) बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन, लैपटॉप और प्रोत्साहन राशि का चेक देकर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त 18 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिससे जिले की शिक्षा व्यवस्था को बल मिलेगा। सामाजिक समावेश की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक सुरक्षा के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र सौंपा गया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए बोड़ाम और जुगसलाई बीडीओ सहित कर्मियों को मिला सम्मान

सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की भी हौसला अफजाई की गई। उपायुक्त ने बोड़ाम प्रखंड के बीडीओ किकु महतो और गोलमुरी सह जुगसलाई के बीडीओ सुमित प्रकाश सहित अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक मौजूद रहे।

Read also: Dumka News: अवैध बालू कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों ने काटा रास्ता

 

Latest Posts