विभागीय जांच में शामिल होने से किया था इनकार, हाईकोर्ट ने रेलवे की अनुशासनात्मक कार्रवाई को सही ठहराया
Jharkhand High Court: झारखंड हाईकोर्ट ने रेलवे के तीन असिस्टेंट लोको पायलटों को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने उनके खिलाफ की गई विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई को सही ठहराते हुए रिट याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विभागीय जांच में शामिल होने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने के बावजूद यदि कोई कर्मचारी जानबूझकर इससे इनकार करता है, तो वह बाद में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन होने का दावा नहीं कर सकता। यह मामला धनबाद रेल मंडल से जुड़ा है। इसमें तीन कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद अपीलीय प्राधिकारी ने उनकी नौकरी बहाल कर दी थी, लेकिन उनके वेतनमान और ग्रेड पर दंडात्मक प्रभाव बनाए रखा था।
Jharkhand High Court: 2013 के विवाद से जुड़ा मामला
मामला 21 दिसंबर 2013 का है। उस दिन ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के प्रदर्शन के दौरान धनबाद रेल मंडल में चीफ ट्रैक्शन फोरमैन (CTFR) के कार्यालय के बाहर विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू की।
Jharkhand High Court: तीन असिस्टेंट लोको पायलट निलंबित
इस मामले में रेलवे प्रशासन ने असिस्टेंट लोको पायलट अभिषेक कुमार, रवि रंजन और रंजीत कुमार चौधरी को निलंबित कर दिया था। इसके बाद तीनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी ने कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने और जांच में शामिल होने के लिए तीन बार अवसर दिया। इसके बावजूद तीनों कर्मचारियों ने लिखित रूप से जांच में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद जांच अधिकारी ने उपलब्ध तथ्यों और रिकॉर्ड के आधार पर एकतरफा जांच पूरी की।
बर्खास्तगी के बाद अपील में मिली थी राहत
विभागीय जांच पूरी होने के बाद रेलवे प्रशासन ने 10 मार्च 2014 को तीनों कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इस फैसले के खिलाफ कर्मचारियों ने अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील दायर की। अपील पर विचार करने के बाद 22 अप्रैल 2014 को प्राधिकारी ने बर्खास्तगी की सजा में नरमी बरती। तीनों कर्मचारियों को नौकरी पर वापस लेने का आदेश दिया गया।
हालांकि, बहाली के साथ कुछ शर्तें भी लगाई गईं। अपीलीय प्राधिकारी ने आदेश दिया कि तीनों कर्मचारियों को तीन साल तक उनके शुरुआती वेतनमान और ग्रेड पर रखा जाएगा। यह दंड संचयी प्रभाव (Cumulative Effect) के साथ लागू किया गया। इसका अर्थ था कि वेतन पर इस सजा का प्रभाव आगे भी बना रहेगा।
CAT से हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला
अपीलीय प्राधिकारी के संशोधित फैसले से असंतुष्ट तीनों कर्मचारियों ने न्यायिक राहत के लिए केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT) का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने पटना बेंच और रांची सर्किट बेंच में भी अपनी बात रखी। हालांकि, वहां से उन्हें राहत नहीं मिली।
इसके बाद तीनों ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की। कर्मचारियों ने विभागीय कार्रवाई और दंड के फैसले को चुनौती दी। उनका मामला इस आधार पर था कि विभागीय जांच की प्रक्रिया में उन्हें उचित सुनवाई का अवसर नहीं मिला।
प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत पर कोर्ट की टिप्पणी
हाईकोर्ट ने मामले के तथ्यों और विभागीय जांच की प्रक्रिया पर विचार किया। कोर्ट ने पाया कि जांच अधिकारी ने तीनों कर्मचारियों को अपना पक्ष रखने के लिए तीन बार अवसर दिया था। इसके बावजूद उन्होंने लिखित रूप से जांच में शामिल होने से इनकार कर दिया था।
अदालत ने स्पष्ट किया कि जब किसी कर्मचारी को सुनवाई और अपना पक्ष रखने के पर्याप्त अवसर दिए जाते हैं, लेकिन वह खुद जानबूझकर जांच से दूर रहता है, तो बाद में प्राकृतिक न्याय के उल्लंघन का आधार लेकर कार्रवाई को चुनौती नहीं दे सकता।
कोर्ट ने केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (CAT), पटना बेंच और रांची सर्किट बेंच के 11 नवंबर 2016 के आदेश को बरकरार रखा। इसके साथ ही तीनों असिस्टेंट लोको पायलटों की रिट याचिका खारिज कर दी। इस फैसले से रेलवे प्रशासन की अनुशासनात्मक कार्रवाई को न्यायिक समर्थन मिला है।
Read also: Ranchi Ganja Smuggling: 200 किलो गांजा बरामद


