पत्रकार की गिरफ्तारी, बकाया पेंशन और महिला सुरक्षा को लेकर सदन के बाहर गरजे भाजपा-आजसू विधायक, बाबूलाल व चंपाई ने साधा निशाना
Jharkhand Assembly Protest: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सियासी पारा चढ़ गया। राजधानी रांची स्थित विधानसभा परिसर में सदन के मुख्य द्वार के बाहर भाजपा (BJP) और आजसू (AJSU) पार्टी के विधायकों ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष के विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नाबालिग से जुड़े गंभीर मामले में एक पत्रकार की गिरफ्तारी, विधवाओं, बुजुर्गों व दिव्यांगों को समय पर पेंशन नहीं मिलने और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई गई।
Jharkhand Assembly Protest: पत्रकार की गिरफ्तारी को बताया संविधान विरोधी, सरकार पर गंभीर आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, डॉ. नीरा यादव सहित सभी विपक्षी विधायक प्रदर्शन में शामिल हुए। सभी विधायकों ने एक स्वर में पत्रकार की गिरफ्तारी को लोकतंत्र और संविधान विरोधी कदम करार दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में सुनियोजित तरीके से लूट का एक तंत्र बनाने की कोशिश की जा रही है। मरांडी ने कहा कि एक गंभीर मामले के मुख्य आरोपित को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने उलटे पत्रकार को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता जैसी स्थिति बनी हुई है।
Jharkhand Assembly Protest: छात्रों के मुद्दे पर चर्चा के बजाय माहौल बनाने के लिए बुलाया विशेष सत्र
बाबूलाल मरांडी ने विशेष सत्र बुलाने के सरकार के उद्देश्य पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सरकार को विशेष सत्र बुलाने की जरूरत थी। लेकिन सत्ता पक्ष ने जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने और अपना राजनीतिक माहौल बनाने के लिए यह स्पेशल सत्र बुला लिया।
एमएमडीआर संशोधन विधेयक का जिक्र करते हुए मरांडी ने स्पष्ट किया कि इस बिल से राज्य के स्थानीय लोगों को सीधा फायदा होगा। हालांकि, राज्य सरकार इस विषय को गलत और अलग तरीके से पेश कर रही है और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
आदिवासी हक व अधिकार कुचल रही है सरकार: चंपई सोरेन
विरोध प्रदर्शन में शामिल पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी हेमंत सोरेन सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। चंपई सोरेन ने आरोप लगाया कि वर्तमान राज्य सरकार झारखंड के मूलवासी और आदिवासी समाज के हक और अधिकार को कुचलने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर आम लोगों को गुमराह किया जा रहा है। योजनाएं बंद होने का झूठा भ्रम फैलाकर जनता के बीच डर का माहौल बनाया जा रहा है। विपक्षी विधायकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया और बुजुर्गों-विधवाओं की बकाया पेंशन का जल्द भुगतान नहीं किया, तो सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन तेज किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly: 13 हजार करोड़ के नुकसान पर सदन में संग्राम


