spot_img
spot_img
HomeझारखंडTata Steel Deal: 28 हजार करोड़ में कारोबार बेचेगी टाटा स्टील

Related Posts

Tata Steel Deal: 28 हजार करोड़ में कारोबार बेचेगी टाटा स्टील

एपीएल अपोलो में 26.38% हिस्सेदारी भी खरीदेगी कंपनी, अतिरिक्त 26% के लिए लाएगी ओपन ऑफर; 2035 तक 15.5 मिलियन टन क्षमता का लक्ष्य

Tata Steel Deal: टाटा स्टील ने अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार के विस्तार और पुनर्गठन को लेकर बड़ा रणनीतिक फैसला लिया है। कंपनी अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का कारोबार एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड को करीब 28 हजार करोड़ रुपये में हस्तांतरित करेगी। दूसरी ओर, टाटा स्टील एपीएल अपोलो में प्रमोटर समूह की करीब 26.38 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इसके अलावा सार्वजनिक शेयरधारकों से 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए 16,756 करोड़ रुपये का ओपन ऑफर भी लाया जाएगा। इस साझेदारी का लक्ष्य भारतीय इस्पात उद्योग में एक बड़ी डाउनस्ट्रीम कंपनी तैयार करना है। दोनों कंपनियों ने वर्ष 2035 तक संयुक्त उत्पादन क्षमता 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने का लक्ष्य रखा है।

Tata Steel Deal: 28 हजार करोड़ में होगा कारोबार का हस्तांतरण

टाटा स्टील की ओर से 23 नवंबर को जारी जानकारी के अनुसार, कंपनी अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी और अपना संपूर्ण स्टील ट्यूब कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी। इस सौदे में 8 लाख टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला सरफेस कोटेड कॉइल कारोबार और 17 लाख टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला स्टील ट्यूब कारोबार शामिल है। दोनों कारोबारों का कुल मूल्य 28 हजार करोड़ रुपये तय किया गया है।

इसमें टाटा स्टील कलर्स की हिस्सेदारी और ट्यूब कारोबार का हस्तांतरण शामिल है। ट्यूब कारोबार में जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद की विनिर्माण इकाइयां भी शामिल हैं। एपीएल अपोलो इस अधिग्रहण के लिए शुरुआत में कर्ज और अन्य वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल करेगी। बाद में दीर्घकालिक पूंजी जुटाकर कर्ज का पुनर्गठन करने की योजना है। इससे कंपनी की बैलेंस शीट पर वित्तीय दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

Tata Steel Deal: एपीएल अपोलो में हिस्सेदारी खरीदेगी टाटा स्टील

इस समझौते का दूसरा अहम हिस्सा एपीएल अपोलो में हिस्सेदारी का अधिग्रहण है। टाटा स्टील प्रमोटर समूह की कंपनी एस गुप्ता होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड से करीब 26.38 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके लिए 2,100 रुपये प्रति शेयर की दर तय की गई है। इस अधिग्रहण पर करीब 15,510 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

इसके साथ ही टाटा स्टील सार्वजनिक शेयरधारकों के लिए 26 प्रतिशत हिस्सेदारी का ओपन ऑफर जारी करेगी। इसके तहत 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से कुल 16,756 करोड़ रुपये तक खर्च किए जा सकते हैं। यदि ओपन ऑफर पूरी तरह स्वीकार किया जाता है, तो एपीएल अपोलो में टाटा स्टील की हिस्सेदारी करीब 52.38 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इससे कंपनी को एपीएल अपोलो में बहुमत हिस्सेदारी मिल जाएगी।

2035 तक 15.5 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य

इस साझेदारी के बाद एपीएल अपोलो की स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों की संयुक्त उत्पादन क्षमता करीब 7.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष हो जाएगी। फिलहाल कंपनी के पास लगभग 5 मिलियन टन की मौजूदा क्षमता है। टाटा स्टील के कारोबार के हस्तांतरण से इसमें 2.5 मिलियन टन की अतिरिक्त क्षमता जुड़ेगी।

दोनों कंपनियों की योजना वर्ष 2035 तक इस क्षमता को बढ़ाकर 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष करने की है। इसके तहत स्टील ट्यूब कारोबार की क्षमता करीब 9 मिलियन टन और कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता 6.5 मिलियन टन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे कंपनी को घरेलू बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ मूल्यवर्धित इस्पात उत्पादों के क्षेत्र में विस्तार का अवसर मिलेगा।

SG Spectra के साथ भी हुआ समझौता

विस्तार योजना के तहत एपीएल अपोलो के प्रमोटर समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (SG Spectra) के साथ भी समझौता ज्ञापन किया गया है। इसके तहत देश के अलग-अलग हिस्सों में कलर कोटेड उत्पादों के पांच मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले विनिर्माण संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।

इन संयंत्रों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। पहले चरण में अगले 24 महीनों के भीतर एक मिलियन टन प्रतिवर्ष उत्पादन क्षमता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह व्यवस्था विशेष कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग मॉडल पर आधारित होगी। इससे कंपनी को बड़े स्तर पर निवेश किए बिना उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

टीवी नरेंद्रन ने साझेदारी को बताया महत्वपूर्ण

टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने इस समझौते को कंपनी की भविष्य की रणनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एपीएल अपोलो और उसके प्रमोटरों के साथ साझेदारी से भारतीय बाजार की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मजबूत डाउनस्ट्रीम कारोबार तैयार होगा।

उनके मुताबिक, दोनों कंपनियों की उत्पादन क्षमता, बाजार तक पहुंच और परिचालन दक्षता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा। ग्राहकों को स्टील उत्पादों की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही कारोबार की लाभप्रदता बढ़ाने और बाजार में अपनी पहुंच मजबूत करने का अवसर मिलेगा।

कौशिक चटर्जी ने मूल्यवर्धित उत्पादों पर दिया जोर

टाटा स्टील के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी कौशिक चटर्जी ने कहा कि कंपनी मूल्यवर्धित इस्पात उत्पादों के क्षेत्र में तेजी से विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। एपीएल अपोलो के साथ यह समझौता एक लाभदायक कंपनी में निवेश के साथ कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार को बड़े स्तर पर विकसित करने का अवसर भी है।

उन्होंने एपीएल अपोलो के प्रमोटर संजय गुप्ता और उनकी टीम के अनुभव की सराहना की। उनके अनुसार, टीम ने कम समय में उत्पादन क्षमता बढ़ाने, नई परियोजनाओं को तेजी से विकसित करने और परिचालन दक्षता स्थापित करने की क्षमता दिखाई है। इस साझेदारी से भविष्य में 15.5 मिलियन टन क्षमता वाली बड़ी डाउनस्ट्रीम कंपनी विकसित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

उत्पादन लागत घटाने और नेटवर्क बढ़ाने की तैयारी

टाटा स्टील के अनुसार, इस साझेदारी से दोनों कंपनियों को कई स्तरों पर फायदा मिलने की उम्मीद है। उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा। कच्चे माल और मशीनरी की खरीद में तालमेल बढ़ेगा। इसके अलावा वितरण नेटवर्क को मजबूत करने और उत्पादन लागत में सुधार करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

कंपनी को उम्मीद है कि इन कदमों से एपीएल अपोलो की परिचालन लाभप्रदता में सुधार होगा। हालांकि, कारोबार हस्तांतरण और हिस्सेदारी अधिग्रहण से जुड़े सभी सौदे नियामकीय मंजूरी के अधीन हैं। टाटा स्टील को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2026-27 के भीतर इन लेनदेन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

Read also: Chakradharpur Accident: हादसे में 12वीं के छात्र की मौत

Latest Posts