पूर्व सीओ शैलेश कुमार के शास्त्री नगर आवास पर 5 घंटे चली तलाशी, 100 करोड़ से अधिक की है विवादित भूमि
ACB Raid Giridih: रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े बहुचर्चित घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस मामले में जांच एजेंसी ने रांची के अलावा गिरिडीह जिले में भी दबिश दी है। एसीबी की विशेष टीम ने बड़गाईं के पूर्व अंचलाधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार के गिरिडीह स्थित आवास पर छापेमारी की। नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित उनके घर पर करीब 5 घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा के लिहाज से छापेमारी के दौरान आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।
ACB Raid Giridih: 100 करोड़ रुपये से अधिक की है रिम्स की अधिग्रहित जमीन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा घोटाला रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित की गई कुल 9.65 एकड़ बेशकीमती जमीन से जुड़ा हुआ है। इस भूमि में रांची के मोरहाबादी मौजा की करीब 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। वर्तमान बाजार मूल्य के हिसाब से इस पूरी जमीन की अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से भी अधिक बताई जा रही है।
आरोप है कि सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से रिम्स की इस अधिग्रहित भूमि को फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर निजी संपत्ति के रूप में दर्ज कराने तथा उसकी अवैध खरीद-बिक्री करने की कोशिश की गई। इतना ही नहीं, जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण भी करा लिया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत ध्वस्त कर हटाया गया।
ACB Raid Giridih: गिरफ्तार सात अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश
एसीबी इस पूरे जमीन घोटाले की तह तक जाने के लिए गिरफ्तार किए गए अधिकारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही है। जांच के दायरे में गिरफ्तार आईएएस मनोज कुमार रंजन, बेरमो एसडीओ मनोज कुमार और पूर्व बड़गाईं सीओ शैलेश कुमार समेत कुल सात अधिकारी शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम मुख्य रूप से जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इन ठिकानों से घोटाले से जुड़े कई अहम सुराग और बेनामी संपत्तियों के कागजात हाथ लग सकते हैं।
17 नवंबर की रात हुई थी छह अधिकारियों की गिरफ्तारी, गुरुवार को एसडीओ धराए
गौरतलब है कि एसीबी इस मामले में पहले ही सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां कर चुकी है। जांच एजेंसी ने बीते 17 नवंबर की रात आईएएस मनोज कुमार रंजन समेत छह पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गुरुवार को कार्रवाई करते हुए बेरमो के एसडीओ मनोज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह बात सामने आई है कि मोरहाबादी और कोकर मौजा में रिम्स के लिए अधिग्रहित जमीन को फर्जी कागजात तैयार कर और राजस्व अभिलेखों में छेड़छाड़ करके निजी व्यक्तियों के नाम पर दिखाने का प्रयास किया गया था। फिलहाल एसीबी की टीम बरामद दस्तावेजों का मिलान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi News: रिम्स जमीन घोटाले में ACB की छापेमारी, सात अधिकारियों के ठिकानों पर जांच


