spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Book Fair: 20 नवंबर से शुरू होगा 40वां पुस्तक मेला, लगेंगे...

Related Posts

Jamshedpur Book Fair: 20 नवंबर से शुरू होगा 40वां पुस्तक मेला, लगेंगे 66 स्टॉल

टैगोर एकेडमी कैंपस में 10 दिनों तक सजेगा किताबों का संसार, 51 स्कूलों में बांटे गए 35 हजार फ्री कूपन

Jamshedpur Book Fair: लौहनगरी जमशेदपुर के पुस्तक प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर में आगामी 20 नवंबर से 40वें वार्षिक पुस्तक मेले का भव्य आगाज होने जा रहा है। टैगोर सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह 10 दिवसीय मेला साकची स्थित टैगोर एकेडमी के स्कूल कैंपस में लगेगा, जो 29 नवंबर तक चलेगा। टैगोर सोसाइटी के महासचिव सुदीप बासु ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों का पूरा खाका साझा किया। मेले का विधिवत उद्घाटन 20 नवंबर की शाम 6:30 बजे होगा। इस उद्घाटन समारोह में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) के निदेशक संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि (गेस्ट ऑफ ऑनर) के रूप में मौजूद रहेंगे।

Jamshedpur Book Fair: 66 स्टॉल पर मिलेंगी पांच भाषाओं की किताबें, दिल्ली से भी आएंगे प्रकाशक

इस बार पुस्तक मेले में पाठकों की पसंद का खास ख्याल रखा गया है। महासचिव सुदीप बासु ने बताया कि मेला परिसर में कुल 66 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। इन स्टॉलों पर अंग्रेजी, हिंदी, बांग्ला, उर्दू और संथाली भाषा की पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध रहेगा।

आंकड़ों के मुताबिक, कुल स्टॉलों में से 40 स्टॉल अंग्रेजी किताबों के होंगे, जबकि 19 स्टॉल हिंदी पुस्तकों के लिए आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 17 स्टॉल बांग्ला, तीन उर्दू और तीन संथाली भाषा के होंगे। इस बार दिल्ली, कोलकाता, रांची, पटना और गिरिडीह सहित झारखंड के विभिन्न हिस्सों से प्रकाशक और पुस्तक विक्रेता पहुंच रहे हैं। दिल्ली से नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) के साथ-साथ हिंदी के पांच-छह नए स्टॉल और संथाली भाषा के कुछ नए स्टॉल भी इस बार मेले का मुख्य आकर्षण होंगे।

Jamshedpur Book Fair: स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त प्रवेश, बंटे 35 हजार कूपन

आयोजकों ने नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए विशेष पहल की है। आम लोगों के लिए मेले का प्रवेश शुल्क मात्र 10 रुपये रखा गया है, लेकिन स्कूली बच्चों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। इसके लिए संस्था की ओर से शहर के करीब 51 स्कूलों में 35 हजार मुफ्त एंट्री कूपन बांटे गए हैं।

मेले के समय की बात करें, तो सामान्य दिनों में यह दोपहर 2:30 बजे से रात 8:30 बजे तक खुला रहेगा। वहीं, शनिवार और रविवार को पाठक सुबह 10:30 बजे से ही मेले का आनंद उठा सकेंगे, जो रात 8:30 बजे तक चलेगा। मेला परिसर में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और अग्निशमन (फायर फाइटिंग) के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

5-6 साल बाद फिर होगी क्विज प्रतियोगिता, बच्चों के लिए खास आयोजन

इस 40वें पुस्तक मेले में किताबों के साथ-साथ बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों का भी संगम देखने को मिलेगा। महासचिव सुदीप बासु ने जानकारी दी कि पिछले 5-6 वर्षों से बंद पड़ी क्विज प्रतियोगिता को इस बार फिर से शुरू किया जा रहा है। इस क्विज प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 22 नवंबर को आयोजित होगा।

इसके अतिरिक्त, बच्चों के लिए ड्राइंग (आर्ट) और डिबेट (वाद-विवाद) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इन प्रतियोगिताओं में टैगोर स्कूल ऑफ आर्ट्स और कैंपस के ही लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे, ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। हर साल की तरह अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी अपनी परंपरागत शैली में आयोजित किए जाएंगे।

Read also: 108 Ambulance Strike: झारखंड में आज रात थमेंगे एम्बुलेंस के पहिए

 

Latest Posts