spot_img
spot_img
HomecrimePotka Theft: खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, 15 लाख की नकदी...

Related Posts

Potka Theft: खिड़की तोड़कर घर में घुसे चोर, 15 लाख की नकदी व गहने ले उड़े

बड़ा भूमरी गांव में वारदात, परिवार को कमरे में बंद कर अलमारी से उड़ाए 7 लाख कैश और जेवरात

​Potka Theft: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र स्थित बड़ा भूमरी गांव में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात अपराधियों ने एक घर की खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया और करीब 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर में रखी गोदरेज की अलमारी का ताला तोड़कर सात लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात चुरा लिए। शातिर चोरों ने घटना को अंजाम देने के दौरान घर के मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था। इससे सो रहे परिवार के सदस्य आहट होने पर भी तत्काल बाहर नहीं निकल सके।

​Potka Theft: छठ पर्व पर बेटी के घर गई थीं मां, खाली कमरे को बनाया निशाना

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बड़ा भूमरी गांव निवासी देवरंजन मंडल और उनके भाई नयन मंडल का परिवार रविवार की रात अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था। परिवार की बुजुर्ग मां लोक आस्था के महापर्व छठ के सिलसिले में अपनी बेटी के घर लक्ष्मीनगर गई हुई थीं।

​इस वजह से घर में उनका कमरा खाली था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और उसी कमरे की खिड़की को तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए। अपराधियों ने बेहद इत्मीनान से मां के कमरे में रखी गोदरेज अलमारी को खंगाला और उसमें रखे सारे कीमती सामान समेट कर फरार हो गए।

​Potka Theft: सात लाख नकद समेत लाखों के सोने-चांदी के आभूषण गायब

​पीड़ित परिजनों ने बताया कि चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये है। अलमारी के भीतर सात लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इसके अलावा सोने के दो हार, दो चेन, दो जोड़ी कान की बालियां, एक अंगूठी और चांदी के आठ सिक्के भी रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।

​घटना का पता तब चला जब रात करीब दो बजे परिवार की एक महिला सदस्य की नींद खुली। उसने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद है। अनहोनी की आशंका होने पर उसने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। जब लोग किसी तरह बाहर निकले और मां के कमरे में पहुंचे, तो वहां सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

​पुलिस कर रही छानबीन, जल्द खुलासे का दावा

​चोरी की सूचना मिलते ही पोटका थाना प्रभारी विनय कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे घर और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

​थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है। अपराधियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए हर संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जल्द ही इस चोरी कांड का उद्भेदन कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लेगी।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Theft: छठ घाट गया था परिवार, बंद घर से 15 लाख के गहने चोरी

Latest Posts