spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलSonakhan Station Master: एसएम की सजगता से टला रेल हादसा, सम्मानित

Related Posts

Sonakhan Station Master: एसएम की सजगता से टला रेल हादसा, सम्मानित

मालगाड़ी के 18वें वैगन के एक्सल में धधक रही थी आग, आदित्य पांडेय की त्वरित सूझबूझ से सुरक्षित हुआ रेल परिचालन

Sonakhan Station Master: सोनाखान स्टेशन मास्टर की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत सोनाखान रेलवे स्टेशन पर ऑन ड्यूटी तैनात स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय ने रात के अंधेरे में गुजर रही मालगाड़ी में लगी आग को समय रहते देख लिया और त्वरित निर्णय लेकर संभावित दुर्घटना को टाल दिया। उनकी इस असाधारण सतर्कता और संरक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए चक्रधरपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने मंगलवार 10 नवंबर को उन्हें मंडल कार्यालय में प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Sonakhan Station Master: रात 11:36 बजे भड़की चिंगारी, पॉइंट्समैन को दिया निर्देश

घटनाक्रम के अनुसार रात करीब 11:36 बजे एक खाली मालगाड़ी तीव्र गति से सोनाखान रेलवे स्टेशन के मुख्य ट्रैक से होकर गुजर रही थी। उसी समय स्टेशन मास्टर आदित्य पांडेय स्टेशन पैनल रूम के बाहर ट्रेन पासिंग ड्यूटी पर तैनात थे। जैसे ही मालगाड़ी का रैक उनके सामने से गुजरा, उनकी पैनी नजर इंजन से 18वें वैगन के नीचे पहिए के पास एक्सल से निकलती आग की तेज लपटों और चिंगारियों पर पड़ी।

स्थिति की गंभीरता और खतरे को भांपते हुए उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन को वॉकी-टॉकी पर सतर्क किया। उन्होंने तत्काल आग बुझाने के प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के साथ कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने तत्काल कंट्रोल रूम और संबंधित तकनीकी विभाग को सूचित कर ट्रेन को सुरक्षित रूप से रुकवाया।

Sonakhan Station Master: मेमो पर अलग किया गया क्षतिग्रस्त वैगन, तकनीकी जांच पूरी

स्टेशन मास्टर की आपात सूचना मिलते ही रेलवे के कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग और सुरक्षा शाखा के तकनीकी कर्मचारी फौरन मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से धधकते पहिए की आग पर पूरी तरह काबू पाया। तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किए गए प्राथमिक निरीक्षण में पाया गया कि वैगन के एक्सल में गंभीर यांत्रिक खराबी (हॉट एक्सल) आ गई थी।

यदि ट्रेन को उसी हालत में आगे बढ़ने दिया जाता, तो तेज घर्षण के कारण वैगन पटरी से उतर सकता था और भीषण बेपटरीकरण (डिरेलमेंट) की घटना घट सकती थी। तकनीकी खराबी की पुष्टि होने के बाद स्टेशन मास्टर द्वारा नियमानुसार मेमो जारी किया गया और क्षतिग्रस्त 18वें वैगन को मालगाड़ी से काटकर लूप लाइन में सुरक्षित अलग किया गया। इसके बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

डीआरएम तरुण हुरिया ने रेल कर्मियों के लिए बताया प्रेरणादायी

रेलवे के वरिष्ठ संरक्षा अधिकारियों के अनुसार आदित्य पांडेय की सजगता, कर्तव्यपरायणता और समय पर लिए गए सटीक निर्णय से रेलवे की संपत्ति और मुख्य रेल लाइन पर यातायात पूरी तरह सुरक्षित रहा। उनके इस अनुकरणीय कार्य के सम्मान में 10 नवंबर को आयोजित समारोह में चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया ने उन्हें सम्मानित किया।

डीआरएम ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय रेल में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विषम परिस्थितियों में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की ऐसी मुस्तैदी ही सुरक्षित रेल संचालन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि आदित्य पांडेय का यह त्वरित निर्णय मंडल के अन्य रेल कर्मचारियों के लिए भी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की एक उत्कृष्ट प्रेरणा है।

इसे बी पढ़ें : Nisha Bhagat Suicide: पिठोरिया थानेदार लाइन हाजिर, SIT करेगी जांच

Latest Posts