महाराष्ट्र एटीएस के हत्थे चढ़ा था जोनल कमांडर, पलामू के जंगलों से भारी मात्रा में कारतूस जब्त, 53 संगीन मामलों में था वांटेड
Palamu Maoist Arms: पलामू जिला पुलिस को प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षा बलों ने झारखंड और बिहार के आतंक का पर्याय बने 13 लाख रुपये के इनामी कुख्यात माओवादी जोनल कमेटी सदस्य (जेडसीएम) संजय यादव उर्फ संजय गोदराम की निशानदेही पर एक अत्याधुनिक इंसास राइफल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों का यह जखीरा पलामू जिले के घने जंगलों में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था। कुख्यात नक्सली को हाल ही में महाराष्ट्र एटीएस ने ठाणे जिले के डोंबिवली (ठाकुर्ली) से दबोचा था, जिसे ट्रांजिट रिमांड पर पलामू पुलिस अपने साथ लाई है।
Palamu Maoist Arms: 53 वारदातों का इतिहास, झारखंड में 10 और बिहार में था 3 लाख का इनाम
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन (तिलहड़वा) गांव का निवासी संजय यादव दोनों राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये और बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित कर रखा था। वह कुल 53 संगीन आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। इनमें अकेले पलामू जिले के 23, बिहार के औरंगाबाद जिले के 20 और गया जिले के 10 संगीन नक्सली मामले शामिल हैं।
उसके खिलाफ पुलिस पार्टी पर घात लगाकर जानलेवा हमला करने, सुरक्षा बलों की हत्या, ठेकेदारों से करोड़ों की लेवी वसूली, सरकारी भवनों में विस्फोट और निर्माण कंपनियों के वाहनों में आगजनी के कई मामले दर्ज हैं।
Palamu Maoist Arms: भाजपा कार्यालय विस्फोट और झामुमो नेता की हत्या में था शामिल
पुलिस पूछताछ में कुख्यात कमांडर ने कई बड़े हमलों में अपनी सीधी संलिप्तता स्वीकार की है। 25-26 अप्रैल 2019 की रात लोकसभा चुनाव के दौरान हरिहरगंज बाजार स्थित हीरा कॉम्प्लेक्स में संचालित भाजपा के चुनावी कार्यालय को डायनामाइट लगाकर उड़ाने की साजिश उसी ने रची थी। उसी रात तुरी गांव के पास बटाने नदी पर बन रहे पुल की मशीनों और शेड में आग लगाई गई थी।
इसके अलावा 23 नवंबर 2019 को पीपरा बाजार में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में झामुमो के तत्कालीन प्रखंड अध्यक्ष मोहन कुमार गुप्ता और नागरिक सूरज कुमार सोनी की हत्या में भी वह मुख्य षड्यंत्रकारी था। 23 अगस्त 2023 को महुदंड-काला पहाड़ सड़क निर्माण स्थल पर मजदूरों को बंधक बनाकर तीन हाइवा, एक ग्रेडर, रोलर, पेवर और ट्रैक्टर को आग के हवाले करने की वारदात में भी उसकी सक्रिय भूमिका थी।
आईईडी ब्लास्ट और मुठभेड़ों का आरोपी, जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी
संजय गोदराम पर सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए विस्फोटक बिछाने के भी कई मामले दर्ज हैं। जुलाई 2023 में पीपरा-छतरपुर मार्ग पर हारना गांव के समीप पुलिस गश्ती वाहन को उड़ाने के लिए पुलिया के नीचे केन और सिलेंडर बम लगाए गए थे। वहीं फरवरी 2025 में हुसैनाबाद के दुधिया जंगल से 9 किलो का जिंदा आईईडी बरामद हुआ था।
मई 2025 में पांडू थाना क्षेत्र के बरवाही जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भी वह दस्ते का नेतृत्व कर रहा था। पलामू के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संजय यादव से मिली गोपनीय सूचनाओं के आधार पर माओवादियों के अन्य डंप और गुप्त ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए कोबरा और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : SAFEMA Tribunal Order: मधु कोड़ा कांड में जब्त 60 करोड़ की संपत्ति नहीं होगी रिहा


