spot_img
spot_img
Homeउत्तरी छोटानागपुरगिरिडीहGiridih Bank Robbery: धनवार यूको बैंक में दिनदहाड़े 4 करोड़ के सोने...

Related Posts

Giridih Bank Robbery: धनवार यूको बैंक में दिनदहाड़े 4 करोड़ के सोने व 12 लाख की डकैती

थाने से महज 200 मीटर दूर 20 मिनट तक लुटेरों ने मचाया तांडव, बैंक मैनेजर के सिर पर तानी पिस्तौल, ग्राहकों को बाहर से ताला लगाकर भागे

Giridih Bank Robbery के तहत गिरिडीह जिले में दुस्साहसी अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक बड़ी बैंक डकैती को अंजाम दिया। गुरुवार दोपहर धनवार बाजार स्थित चमड़ा गोदाम के पास संचालित यूको बैंक की शाखा में पांच हथियारबंद बदमाश फिल्मी अंदाज में दाखिल हुए। लुटेरों ने बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने सेफ और लॉकर को निशाना बनाते हुए करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य के गिरवी रखे सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना को अंजाम देकर अपराधी बैंक के मुख्य चैनल गेट पर बाहर से ताला जड़कर आराम से फरार हो गए।

Giridih Bank Robbery में 12:44 बजे दाखिल हुए 5 नकाबपोश, 20 मिनट में समेट ली पूरी संपत्ति

बैंक प्रबंधन से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर ठीक 12:44 बजे घटी। पांचों नकाबपोश हथियारबंद अपराधी अचानक बैंक के मुख्य दरवाजे से अंदर घुसे। अंदर आते ही उन्होंने पिस्तौल लहराते हुए सभी कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने काबू में ले लिया। एक बदमाश ने सीधे बैंक मैनेजर के केबिन में घुसकर उनकी कनपटी पर बंदूक तान दी।

बाकी चार अपराधियों ने बैंक में मौजूद ग्राहकों और कैशियर को डरा-धमकाकर एक कोने में हाथ ऊपर करवाकर बैठा दिया। इसके बाद बदमाशों ने लॉकर की चाबियां छीन लीं। अपराधियों ने बड़ी फुर्ती से लॉकर में रखे ग्राहकों के सोने के गहनों के पैकेट और कैश काउंटर में रखी 12 लाख रुपये की नकदी बैगों में भर ली। पूरी डकैती को 20 मिनट के भीतर पेशेवर तरीके से अंजाम दिया गया। भागते समय बदमाशों ने बाहर से ताला बंद कर दिया ताकि कोई तुरंत बाहर न निकल सके।

Giridih Bank Robbery के दौरान ग्राहक से मारपीट, ताला खोलकर स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला

लूटपाट के दौरान बैंक में 20 हजार रुपये नकद जमा करने पहुंचे एक स्थानीय ग्राहक मो. महताब ने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि जैसे ही अपराधी बैंक में घुसे, उन्होंने सभी को हथियार दिखाकर आतंकित कर दिया। बदमाशों ने महताब से उनके हाथ में रखे रुपये छीनने की कोशिश की।

जब महताब ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके साथ बुरी तरह मारपीट की और उनके रुपये भी छीन लिए। बदमाशों के भागने के बाद बैंक के अंदर बंद कर्मचारियों और ग्राहकों ने जोर-जोर से चिल्लाकर मदद की गुहार लगाई। बाजार में शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों ने बाहर से जड़ा हुआ ताला तोड़ा और अंदर फंसे भयभीत लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

थाने से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर वारदात, बाजार में दहशत और पुलिस की नाकेबंदी

इस सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की गश्ती और चौकसी पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। जिस यूको बैंक में यह करोड़ों की डकैती हुई, वह धनवार थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। दिनदहाड़े व्यस्त बाजार में थाने की नाक के नीचे 20 मिनट तक लूटपाट कर अपराधियों का आसानी से भाग निकलना स्थानीय व्यापारियों के गले नहीं उतर रहा है। घटना के बाद धनवार बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ जांच के लिए पहुंचे। पुलिस ने बैंक को सील कर कर्मचारियों और चश्मदीदों से पूछताछ शुरू कर दी है। बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जिले की सभी सीमाओं पर सघन नाकेबंदी कर दी गई है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।

Read also: ECINet Campaign: KMPM कॉलेज में चला जागरूकता अभियान

Latest Posts