- कोकर चौक के पास टोटो चालक के साथ मारपीट
Jharkhand: रांची के सदर थाना क्षेत्र में एक टोटो चालक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टोटो चालक ने लगाया लूटपाट का आरोप
शिकायत के अनुसार कोकर बैंक कॉलोनी निवासी रोहित महतो मंगलवार सुबह अपने टोटो से जा रहे थे। इसी दौरान कोकर चौक के पास दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनका टोटो भी क्षतिग्रस्त कर दिया और चांदी की चेन, घड़ी तथा नकदी छीन ली। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी नशे की हालत में थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
Ranchi News : सदर थाना में मामला दर्ज
घटना के बाद पीड़ित सदर थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके।
सार्वजनिक परिवहन चालकों में डर का माहौल
हाल के दिनों में रांची में वाहन चालकों और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े लोगों के साथ अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



