- हात्मा बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय को मिली नई सुविधा
Ranchi: में सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए राउंड टेबल, लेडीज सर्कल और अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सृजन शाखा के संयुक्त तत्वावधान में कांके के हात्मा बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण कराया गया। मंगलवार को एक सादे समारोह में इस सुविधा का उद्घाटन किया गया। विद्यालय में लंबे समय से अलग शौचालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस सुविधा के शुरू होने से छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सामाजिक संगठनों ने मिलकर किया उद्घाटन
नवनिर्मित टॉयलेट ब्लॉक का उद्घाटन राउंड टेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरा बथवाल और बाल विकास प्रकल्प प्रमुख रूपा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
Jharkhand news: छात्राओं की सुविधा और स्वच्छता पर विशेष जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राउंड टेबल के अध्यक्ष आकाश खोसला ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विकास बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था होने से बच्चों, विशेषकर छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि कई बार उचित शौचालय की कमी के कारण छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। अलग-अलग टॉयलेट ब्लॉक बनने से बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने इस पहल के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से विद्यालय में अलग शौचालय की आवश्यकता थी और अब यह सुविधा मिलने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई तथा विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।
Jharkhand news: कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निभाई अहम भूमिका
इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में लेडीज सर्कल की ओर से शिखा खोसला और हर्षा जैन ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन सृजन शाखा की ओर से नेहा सरावगी, निधि सराफ, शालू सिंघानिया, आकृति सिंघानिया और अमिता केडिया ने सहयोग किया। कार्यक्रम में राउंड टेबल के सदस्य आदित्य कटारुका, आयुष मोदी, अविनाश जैन, मनीष जैन और पीयूष सरावगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


