- कॉलेज के संचालन, मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय ने किया गठन
Jamshedpur Co-operative Law College News : कोल्हान विश्वविद्यालय ने जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के बेहतर संचालन, मार्गदर्शन और प्रभावी पर्यवेक्षण के उद्देश्य से एक हाई पावर कमेटी का गठन किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस कमेटी की अध्यक्षता की जिम्मेदारी कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट एवं सीनेट सदस्य तथा वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल को सौंपी है।विश्वविद्यालय द्वारा गठित यह हाई पावर कमेटी जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के सुचारू संचालन, शैक्षणिक गतिविधियों के मार्गदर्शन और संस्थान के समग्र विकास की निगरानी करेगी।
कमेटी में कई महत्वपूर्ण सदस्य शामिल
कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हाई पावर कमेटी में विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य लखन मारडी, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य, कोल्हान विश्वविद्यालय के विधि कोषांग के प्रभारी तथा कुलसचिव को सदस्य बनाया गया है।यह समिति कॉलेज के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान करेगी।
कॉलेज के विकास में पहले भी निभा चुके हैं अहम भूमिका
गौरतलब है कि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं विश्वविद्यालय के सिंडिकेट और सीनेट सदस्य राजेश कुमार शुक्ल इससे पहले भी जमशेदपुर को-ऑपरेटिव लॉ कॉलेज की हाई पावर कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में महाविद्यालय के विकास, संबद्धता संबंधी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने तथा सरकारी स्तर पर निधि आवंटन सुनिश्चित कराने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनके पूर्व अनुभव और योगदान को देखते हुए एक बार फिर यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
संस्थान के विकास को मिलेगी नई दिशा
शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि हाई पावर कमेटी के गठन से कॉलेज के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों को नई गति मिलेगी। साथ ही विधि शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में भी सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Weather News: झारखंड में मानसून की दस्तक कभी भी संभव, 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी



