spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur News: सदर और एमजीएम अस्पताल में दो मौतों पर भड़की विधायक...

Related Posts

Jamshedpur News: सदर और एमजीएम अस्पताल में दो मौतों पर भड़की विधायक पूर्णिमा साहू, उच्चस्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

  • दो दिनों में दो मरीजों की मौत से स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, स्वास्थ्य मंत्री से की दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के दो प्रमुख सरकारी अस्पतालों—सदर अस्पताल और एमजीएम अस्पताल—में उपचार के दौरान हुई दो मरीजों की मौतों को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने दोनों मामलों को संभावित चिकित्सीय लापरवाही और स्वास्थ्यकर्मियों की संवेदनहीनता से जुड़ा बताते हुए राज्य सरकार से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

स्वास्थ्य विभाग को लिखा पत्र

विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर दोनों घटनाओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के लिए विशेष जांच समिति गठित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि लगातार दो दिनों के भीतर हुई इन घटनाओं ने सरकारी अस्पतालों की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और जवाबदेही व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

Jamshedpur News: सदर अस्पताल में मरीज की मौत का मामला

पत्र में विधायक ने जेम्को स्थित आजाद बस्ती, शिव मंदिर लाइन निवासी भुवनेश्वर कुमार की मौत का उल्लेख किया है। परिजनों के अनुसार भुवनेश्वर कुमार को कमर में असहनीय दर्द की शिकायत के बाद सदर अस्पताल ले जाया गया था। आरोप है कि अस्पताल में केवल एक इंजेक्शन देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया, जबकि उनकी स्थिति गंभीर थी। घर लौटने के कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इस घटना को चिकित्सीय लापरवाही का परिणाम बताया है।

एमजीएम अस्पताल में उपचार में देरी का आरोप

दूसरा मामला भुइयांडीह कान्हू भट्ठा निवासी पत्रकार आशिष कुमार के बड़े भाई श्रवण कुमार की मौत से जुड़ा है। परिजनों का आरोप है कि पैर में तेज दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एमजीएम अस्पताल लाया गया था, लेकिन चिकित्सकीय जांच और उपचार में देरी हुई। आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण अस्पताल परिसर में ही उनकी मौत हो गई।

Jamshedpur News: स्वास्थ्य मंत्री से की फोन पर बात

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari से फोन पर बातचीत की। उन्होंने दोषी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सिद्ध होती है तो संबंधित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने तक की कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने दिया जांच का आश्वासन

स्वास्थ्य मंत्री ने दोनों मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।विधायक ने कहा कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके।

Jamshedpur News: पीड़ित परिवारों से मिलीं विधायक

पूर्णिमा साहू ने दोनों मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ न्याय होना चाहिए और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को भी भेजी प्रतिलिपि

विधायक ने अपने पत्र की प्रतिलिपि Hemant Soren, स्वास्थ्य मंत्री, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी है। साथ ही जिला प्रशासन से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Jamshedpur News: सरकारी अस्पतालों की जवाबदेही तय करने की मांग

पूर्णिमा साहू ने कहा कि सरकारी अस्पताल गरीब और जरूरतमंद लोगों की अंतिम उम्मीद होते हैं। ऐसे में मरीजों की जान से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Also Read: Jamshedpur New: टीएमएच गोलचक्कर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, दमकल वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

Latest Posts