- भड़गांव गांव में हुआ हादसा, कान से खून निकलने पर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए किया रेफर
Jharkhand: लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़गांव गांव में सोमवार अपराह्न एक दर्दनाक हादसा हो गया। आम तोड़ने के दौरान 11 वर्षीय एक बच्चा पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को स्थानीय ग्रामीण डहरु उरांव ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल लोहरदगा रेफर कर दिया गया।
आम तोड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार भड़गांव गांव के कुछ बच्चे सोमवार दोपहर आम तोड़ने के लिए गांव के पास स्थित एक आम के पेड़ पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से एक बच्चा पेड़ से नीचे गिर गया। पेड़ से गिरने के कारण बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वहां मौजूद अन्य बच्चों और ग्रामीणों ने तत्काल सहायता के लिए लोगों को सूचना दी।
Lohardaga News: घायल बच्चे की पहचान आकाश उरांव के रूप में
घायल बच्चे की पहचान भड़गांव निवासी गोविंद उरांव के 11 वर्षीय पुत्र आकाश उरांव के रूप में की गई है। घटना के समय उसके माता-पिता गांव में मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वे काम के सिलसिले में बिहार के सिवान जिले गए हुए हैं।
डहरु उरांव ने दिखाई मानवता
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण डहरु उरांव मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्चे को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा पहुंचाया। ग्रामीणों ने बताया कि एम्बुलेंस आने में समय लग सकता था, इसलिए बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
Lohardaga News: चिकित्सकों ने किया प्राथमिक उपचार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा में चिकित्सक डॉ. बिनोद सुरीन ने घायल बच्चे का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पाया गया कि गिरने से बच्चे को अंदरूनी चोटें लगी हैं और उसके कान से खून निकल रहा था। स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचीं दादी और फुआ
बच्चे के घायल होने की सूचना मिलते ही उसकी दादी और फूआ अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों से बच्चे की स्थिति के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्यकर्मियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि बच्चे का आवश्यक उपचार किया जा रहा है और उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया है।
Lohardaga News: ग्रामीणों ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चे के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से बच्चों को ऊंचे पेड़ों पर चढ़ने से रोकने और सावधानी बरतने की अपील भी की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



