Pakur Murder Mystery: पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, हत्या की सनसनीखेज वजह आई सामने
Pakur Murder Mystery: पाकुड़। पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक बंद पड़ी खदान से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया था। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान दुमका जिले के रहने वाले मंटू दास के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पाकुड़ में ही रह रहा था। इस सनसनीखेज खुलासे ने इलाके में सनसनी फैला दी है, क्योंकि हत्या की पीछे की वजह जमीन और संपत्ति हड़पने की साजिश निकली है।
Pakur Murder Mystery: संपत्ति हड़पने के लिए जीजा को रास्ते से हटाने की रची गई थी साजिश
गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक मंटू दास का साला साबीर सोरेन पाकुड़ में पशुपालन विभाग में कार्यरत है। साबीर सोरेन गिरफ्तार आरोपी आलोक मुर्मू के घर में किराए पर रहता था और उसकी संपत्ति की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। ऐसे में साबीर सोरेन के जीजा मंटू दास ही अक्सर उनकी देखभाल किया करते थे।
यहीं बात आरोपियों की नजर में खटकने लगी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर यह खौफनाक योजना बनाई कि यदि मंटू दास को रास्ते से हटा दिया जाए, तो साबीर की देखभाल के बहाने उसकी संपत्ति पर आसानी से कब्जा जमाया जा सकता है। इसी लालच में आकर तीनों ने मिलकर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार कर मंटू दास की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उन्होंने मृतक के शव को उसकी ही मोटरसाइकिल से रस्सी से बांधा और मालीपाड़ा स्थित एक बंद खदान के गहरे पानी में फेंक दिया।
Pakur Murder Mystery: पुलिस ने हथियार और बाइक बरामद कर आरोपियों को भेजा जेल
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा और मानवीय इनपुट की मदद से हत्या का सफल खुलासा कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, हथौड़ा, मृतक की पल्सर बाइक (पंजीयन संख्या- JH04V4094) को मालीपाड़ा स्थित बंद खदान के पानी के अंदर से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। इसके साथ ही अपराधियों द्वारा घटना में प्रयुक्त की गई दूसरी मोटरसाइकिल (संख्या- JH16K5241) भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़े:Ranchi Coal Scam: कोयला घोटाले में ईडी की सख्ती, माधव सिंह समेत चार आरोपियों की तलाश तेज


