- भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, आरोपित गिरफ्तार
Lohardaga: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित सेंगरा टोली गांव में सोमवार तड़के सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध (Shocked) कर दिया। पारिवारिक विवाद में एक सनकी युवक ने अपने ही पिता और पत्नी की कुदाल से हमला कर हत्या कर दी, जबकि अपनी तीन वर्षीय मासूम बेटी पर भी जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
कुदाल से हमला कर पिता और पत्नी की हत्या
जानकारी के अनुसार सेंगरा टोली गांव निवासी संदीप उरांव (35) ने किसी पारिवारिक विवाद के बाद तड़के सुबह घर में रखी कुदाल उठाकर अपने पिता सुरेंद्र उरांव (60) और पत्नी सुजीता उरांव (27) पर हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग डर के कारण तुरंत घर के भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
Jharkhand news: मासूम बेटी पर भी किया जानलेवा हमला
आरोपित ने अपनी तीन वर्षीय बेटी रियांशी पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बच्ची खून से लथपथ हालत में घर के भीतर पड़ी मिली। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल बच्ची को अपनी गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
Jharkhand news: गांव में पसरा मातम, लोग स्तब्ध
एक ही परिवार में हुई इस दोहरी हत्या से पूरे सेंगरा टोली गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घायल बच्ची के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Also Read: Ranchi News : ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड जवान से चाकू की नोंक पर स्कूटी लूटी



