- जांच में देरी पर विपक्ष का हमला
Jharkhand: कोषागार घोटाला मामले में जांच की धीमी रफ्तार को लेकर राजनीति तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जांच में हो रही देरी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर उठाया मुद्दा
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के पांच दिन बाद भी वित्त विभाग ने संबंधित फाइलें सीआईडी को नहीं भेजी हैं। उन्होंने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इस तरह की देरी कई सवाल खड़े करती है।
जांच प्रभावित करने की आशंका
मरांडी ने आशंका जताई कि कहीं जानबूझकर जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास तो नहीं किया जा रहा है।उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि वे सुनिश्चित करें कि कोई भी अधिकारी जांच की दिशा को भटकाने की कोशिश न करे।
“बड़ा घोटाला हो सकता है उजागर”
उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण भ्रष्टाचार का मामला नहीं है। यदि निष्पक्ष और गहन जांच होती है, तो यह मामला चारा घोटाला की तरह बड़े स्तर की वित्तीय अनियमितताओं को उजागर कर सकता है।
पारदर्शी जांच की मांग
मरांडी ने कहा कि सभी जरूरी दस्तावेज और फाइलें बिना देरी के जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और सख्त जांच सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।



