- नशे के खिलाफ पुलिस की सख्ती
Jamshedpur: शहर में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में टाइगर मोबाइल टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि खालसा स्कूल के पास नशे की खेप की सप्लाई होने वाली है। सूचना के आधार पर टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज खान ने सादे कपड़ों में इलाके की निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक स्प्लेंडर बाइक से वहां पहुंचा, जिसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर गई।
फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ा
जब पुलिस ने युवक को रोकने की कोशिश की, तो वह बाइक लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद भी जब आरोपी नहीं रुका, तो पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी और रिवॉल्वर तानकर उसे काबू में लिया गया। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की में जवान तबरेज खान को मामूली चोटें भी आईं |
4 किलो गांजा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी के रूप में हुई है।
बड़े नेटवर्क से जुड़ाव की आशंका
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाना था।प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस का सख्त संदेश
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने साफ कहा कि शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।



