spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJharkhand Weather News: झारखंड में बारिश को लेकर 29 मई को ऑरेंज...

Related Posts

Jharkhand Weather News: झारखंड में बारिश को लेकर 29 मई को ऑरेंज अलर्ट

  • बादल छाने और ठंडी हवाओं से तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट, कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी

Jharkhand: राजधानी रांची सहित झारखंड के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला। बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 29 मई को राज्य के अधिकांश जिलों के लिए बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

कई जिलों में तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार रांची का अधिकतम तापमान 39 डिग्री से घटकर 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पलामू में तापमान 45 डिग्री से घटकर 43 डिग्री और जमशेदपुर में 39 डिग्री से गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।

Jharkhand Weather News: 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 29 मई को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर राज्य के शेष 20 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

डाल्टनगंज सबसे गर्म, खूंटी रहा सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी में 49.3 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

Jharkhand Weather News: इन इलाकों में भी हुई बारिश

राज्य के कई अन्य इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। इनमें मझगांव में 35.2 मिमी, खूंटी जिले के दियाकेल में 28 मिमी, चाईबासा में 23.8 मिमी, तांतनगर में 20.2 मिमी, बोकारो थर्मल में 15.8 मिमी, नीमडीह में 12.6 मिमी तथा मनोहरपुर में 10.6 मिमी बारिश शामिल है। बारिश के बाद कई इलाकों में लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है।

गुरुवार को दिनभर रही कड़ी धूप

हालांकि गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। कड़ी धूप के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 36.8 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 47.8 और न्यूनतम 23.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 36.2 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Also Read: Chaibasa Bakrid News: चाईबासा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बकरीद का पर्व

Latest Posts