- मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन और भाईचारे की मांगी दुआ
Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मुस्लिम समुदाय का पवित्र पर्व ईद-उल-अजहा यानी बकरीद गुरुवार (Thursday) को चाईबासा शहर में धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश-दुनिया में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की गई विशेष नमाज
शहर के मस्जिद ए तैयबा, मस्जिद ए आसरा, मदीना मस्जिद, मदरसा रहमानिया, मदरसा अनवारुल उलूम तथा ईदगाह चाईबासा में विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान इमामों ने लोगों को त्याग, इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।नमाजियों ने देश और दुनिया में शांति और सद्भाव कायम रहने की दुआ करते हुए समाज में प्रेम और सहयोग की भावना मजबूत करने की अपील की।
Chaibasa Bakrid News: अंजुमन इस्लामिया की ओर से हुआ विशेष आयोजन
ईदगाह चाईबासा में अंजुमन इस्लामिया की ओर से विशेष नमाज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। त्योहार को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर चाईबासा बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो तथा मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार कार्यक्रम में शामिल हुए।
अधिकारियों का किया गया सम्मान
अंजुमन इस्लामिया के सचिव सह सामाजिक कार्यकर्ता फैयाज खान उर्फ बल्लो खान ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों का अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस मौके पर फैयाज खान ने कहा कि बकरीद मुस्लिम समुदाय का पवित्र कुर्बानी का त्योहार है। यह पर्व हमें त्याग, प्रेम, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि अल्लाह ताला से यही दुआ है कि पूरी दुनिया में अमन, शांति और भाईचारा कायम रहे तथा सभी लोग आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ जीवन बिताएं।
Chaibasa Bakrid News: लोगों ने साझा की त्योहार की खुशियां
नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां पहुंचकर एक-दूसरे को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखा गया। शहर के विभिन्न इलाकों में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा और त्योहार की रौनक बनी रही। पूरे चाईबासा शहर में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।
Also Read: Jharkhand Bakrid News: जमशेदपुर में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद



