spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur news: जमशेदपुर में ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, लूटपाट...

Related Posts

Jamshedpur news: जमशेदपुर में ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, लूटपाट की कोशिश नाकाम; चालक गंभीर घायल

  • बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के टीआरएफ कंपनी के पास देर रात वारदात, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला। ड्राइवर यूनियन ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप सोमवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ट्रक चालक पर जानलेवा हमला कर लूटपाट का प्रयास किया। चालक के साहस और विरोध के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके, लेकिन हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में ट्रक चालकों के बीच दहशत का माहौल है।

Jamshedpur news: पिस्टल और चापड़ के बल पर लूट की कोशिश

घायल चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के बीरग्राम निवासी जय प्रकाश रजक के रूप में हुई है। वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी-09ए-3243) चलाता है। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच जय प्रकाश रजक अपने ट्रक के पास मौजूद था। इसी दौरान एक वाहन से पहुंचे तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने पिस्टल और चापड़ के बल पर चालक से मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। चालक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

साहस दिखाकर बदमाशों के चंगुल से निकला चालक

हमले के बावजूद जय प्रकाश रजक ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह बदमाशों के चंगुल से निकलकर भागने में सफल रहा। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर घायल चालक पर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर है।

Jamshedpur news: ड्राइवर यूनियन ने थाना पहुंचकर किया प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए घटना में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। यूनियन ने औद्योगिक क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा ट्रक चालकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Jamshedpur news: इलाके में बढ़ी ट्रक चालकों की चिंता

इस घटना के बाद बर्मामाइंस और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले ट्रक चालकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ड्राइवर यूनियन ने प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Also Read: Jharkhand News: हूल दिवस पर झामुमो ने वीर शहीदों को किया नमन, जुबैर अहमद बोले- आदिवासी अस्मिता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है हूल दिवस

Latest Posts