- बिष्टुपुर डबल डाउन बार के बाहर हुई हत्या के बाद पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों में की तोड़फोड़, जांच तेज।
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में करनी सेना के सरायकेला युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद गश्ती दल के तीन पुलिसकर्मियों को कथित लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, शहर में देर रात तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
Jamshedpur news: कर्तव्य में लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मी निलंबित
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रथम दृष्टया ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने के बाद तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) रतन कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार रंजन तथा आरक्षी संख्या-913 मनोज कुमार शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु सिंह की मौत के बाद भड़का आक्रोश
इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत की खबर मिलते ही सोमवार देर रात शहर में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में लोग बिष्टुपुर के रीगल गोलचक्कर पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित भीड़ ने सिटी एसपी ललित कुमार मीणा की सरकारी गाड़ी सहित पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन में तोड़फोड़ कर दी। इसके अलावा कई अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया और सड़क पर आगजनी कर विरोध दर्ज कराया गया।
Jamshedpur news: भारी पुलिस बल ने संभाली स्थिति
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी ललित कुमार मीणा, डीएसपी मनोज ठाकुर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। लगभग तीन घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात करीब तीन बजे स्थिति सामान्य हुई और यातायात बहाल कराया गया।
कई पहलुओं से जांच जारी
पुलिस का कहना है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच कई अलग-अलग पहलुओं से की जा रही है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Jamshedpur news: क्या है पूरा मामला?
बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में करनी सेना के सरायकेला युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते पुलिस विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा और तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
Also Read: Jharkhand News: भूमि सर्वे मामले में विभागीय सचिव से 15 जुलाई तक मांगा शपथ पत्र



