spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Mango Hungama: एमजीएम अस्पताल पाइपलाइन कार्यस्थल पर हंगामा, पुलिस के हस्तक्षेप...

Related Posts

Jamshedpur Mango Hungama: एमजीएम अस्पताल पाइपलाइन कार्यस्थल पर हंगामा, पुलिस के हस्तक्षेप से काम शुरू

  • घरेलू जल कनेक्शन टूटने से चार दिनों से पानी संकट, लोगों का फूटा गुस्सा

जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-1 में एमजीएम अस्पताल के लिए बिछाई जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर मंगलवार देर रात जोरदार हंगामा हो गया। पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई घरों के घरेलू जल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलाके में पिछले चार दिनों से पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी। स्थानीय लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान थे, जिससे उनका आक्रोश फूट पड़ा।

मरम्मत से पहले काम जारी रखने पर लोगों ने जताया विरोध

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संवेदक और संबंधित अधिकारी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत किए बिना ही जबरन काम जारी रखे हुए थे। विरोध करने पर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश भी की गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विकास सिंह

मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और संवेदक व अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल पाइपलाइन का कार्य रुकवाते हुए मांग की कि पहले सभी क्षतिग्रस्त घरेलू पाइपों की मरम्मत की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि बिना मरम्मत किए काम जारी रखा गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति हुई नियंत्रित

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पाइपलाइन का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

बुधवार सुबह शुरू हुआ मरम्मत कार्य, टैंकर से दी गई राहत

बुधवार सुबह जिला प्रशासन की पहल पर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। नगर निगम के अभियंता इंजीनियर जलालुद्दीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टूटे हुए पाइपों की मरम्मत शुरू की गई। स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए पानी के टैंकर की भी व्यवस्था की गई।

जनप्रतिनिधियों की निगरानी में कार्य जारी

इस दौरान वार्ड पार्षद जितेंद्र साहू और रवि गोराई की देखरेख में मरम्मत और जलापूर्ति का कार्य कराया जा रहा है। विकास सिंह ने कहा, “जल ही जीवन है, और लोगों को संकट में डालकर कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा। पहले सभी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत होनी चाहिए, उसके बाद ही नई पाइपलाइन का काम शुरू किया जाए।”

स्थिति सामान्य, लेकिन लोगों में नाराजगी बरकरार

घटना के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन स्थानीय लोगों में प्रशासन और संवेदक के प्रति नाराजगी अब भी देखी जा रही है।

Also Read : Chaibasa Road Accident News: चाईबासा में सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Latest Posts