- नोवामुंडी के सोसोपी गांव में तीन दिन पुराना शव बरामद, मायके पक्ष ने पति पर लगाया हत्या का आरोप
Jharkhand: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र स्थित सोसोपी गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार रात ससुराल के एक बंद कमरे से करीब तीन दिन पुराना शव बरामद हुआ। घटना के बाद से मृतका का पति फरार है, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Jharkhand News: मृतका की हुई पहचान
मृतका की पहचान लक्ष्मी सिरका (19 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बचपन में ही लक्ष्मी के माता-पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उसका पालन-पोषण रिश्तेदारों ने किया। लगभग एक वर्ष पहले उसने सोसोपी गांव निवासी सोमा बारजो से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों गांव में ही साथ रह रहे थे।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के चाचा लादुरा सिरका ने आरोप लगाया है कि सोमा बारजो ने लक्ष्मी की हत्या करने के बाद शव को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गया। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Jharkhand News: मिलने पहुंचे परिजनों को मिला शव
गुरुवार को जब मायके पक्ष के लोग लक्ष्मी से मिलने उसके ससुराल पहुंचे तो काफी देर तक किसी ने दरवाजा नहीं खोला। संदेह होने पर जब कमरे की जांच की गई तो अंदर लक्ष्मी का शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर रहे थे कुछ ग्रामीण
घटना के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने से पहले गांव के कुछ लोग शव के अंतिम संस्कार की तैयारी करते हुए गड्ढा खोद रहे थे। जानकारी मिलते ही नोवामुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की तैयारी रुकवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
Jharkhand News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नोवामुंडी थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शव लगभग तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और काफी हद तक सड़-गल चुका था। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
फरार पति की तलाश में छापेमारी
पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही फरार पति सोमा बारजो की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।



