- दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर देर रात हुआ भीषण हादसा, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों का प्रदर्शन
Jharkhand: झारखंड के दुमका जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहेजना गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
Jharkhand News: देर रात हुआ दर्दनाक हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:45 बजे सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक और खलासी वहीं भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नोनीहाट की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक युवक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे में करेली मोड़ निवासी करण कुमार मांझी (25) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सरंगपानी गांव निवासी अजय कुमार लायक (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
Jharkhand News: घटना के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। रामगढ़ थाना के एसआई रमेश भगत ने बताया कि घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए दुमका भेजा गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Jharkhand News: ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सहेजना गांव के पास रात के समय अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था।



