spot_img
spot_img
Homeबड़ी खबरेंHazaribagh News: शहर में जाम से राहत के लिए वन-वे ट्रायल शुरू,...

Related Posts

Hazaribagh News: शहर में जाम से राहत के लिए वन-वे ट्रायल शुरू, बदला वाहनों का रूट

बुढ़वा महादेव, गाड़ीखाना और बंशीलाल चौक पर नई यातायात व्यवस्था लागू

Hazaribagh News: हजारीबाग शहर में अक्सर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम ने नई व्यवस्था शुरू की है। शनिवार को बुढ़वा महादेव चौक, गाड़ीखाना चौक और बंशीलाल चौक के आसपास वाहनों के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए वन-वे व्यवस्था का ट्रायल शुरू किया गया। इसका उद्देश्य प्रमुख चौराहों पर वाहनों का दबाव कम करना और यातायात को सुचारू बनाना है।

बुढ़वा महादेव चौक से बंशीलाल चौक जाने का बदला रास्ता

सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने बताया कि बुढ़वा महादेव चौक से आने वाले वाहन सीधे बंशीलाल चौक की ओर नहीं जाएंगे। उन्हें पहले गाड़ीखाना चौक और फिर बंशीलाल चौक होकर आगे बढ़ना होगा।

वहीं, झंडा चौक से बस स्टैंड की ओर जाने वाले वाहनों को बंशीलाल चौक से बाएं मुड़कर गाड़ीखाना और बुढ़वा महादेव चौक होते हुए पुराना बस स्टैंड की ओर जाना होगा। नई व्यवस्था के तहत इन तीनों प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।

सफल होने पर अन्य मार्गों पर भी लागू हो सकती है व्यवस्था

हजारीबाग मेयर अरविंद राणा ने बताया कि फिलहाल वन-वे व्यवस्था परीक्षण के तौर पर शुरू की गई है। यदि यह व्यवस्था सफल रहती है, तो शहर के अन्य मार्गों पर भी इसे लागू करने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि मुख्य सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटाकर अस्पताल के पास तैयार की गई पार्किंग में लगवाया जाएगा। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए अधिक जगह उपलब्ध हो सकेगी।

ऑटो चालकों को चेतावनी, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई

सीसीआर डीएसपी एकरामुल हक ने ऑटो चालकों को चेतावनी दी है कि वे सड़क पर कहीं भी वाहन रोककर सवारी न चढ़ाएं और न उतारें। बिना नंबर प्लेट वाले ऑटो के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने आम लोगों से नियमों का पालन करने और सड़क पर बेतरतीब पार्किंग से बचने की अपील की है। नई वन-वे व्यवस्था के ट्रायल के दौरान वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने को कहा गया है।

read also:Bagbera Water Supply: जनवरी 2027 तक पूरा होगा शेष कार्य

 

Latest Posts