17 दिसंबर तक चलेगा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य, कई एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें रद्द, कुछ के बदले गए मार्ग
Chakradharpur Railway Division: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत झारसुगुड़ा (जेएसजी) पैसेंजर यार्ड का रीमॉडलिंग कार्य होने जा रहा है। इसके कारण अगले महीने रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे की ओर से 27 नवंबर से 17 दिसंबर तक नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान टाटानगर, राउरकेला, झारसुगुड़ा और संबलपुर सहित कई प्रमुख रेल मार्गों से गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने सुरक्षा और तकनीकी सुधार के मद्देनजर कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ के मार्ग बदलने, कुछ का परिचालन बीच रास्ते में समाप्त करने और कई ट्रेनों को पुनर्निर्धारित समय पर चलाने का निर्णय लिया है।
Chakradharpur Railway Division: 15 दिसंबर को रहेगा 10 घंटे का मुख्य मेगा ब्लॉक
रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, इस पूरी परियोजना को तीन चरणों में बांटा गया है। सबसे पहले 27 नवंबर से 14 दिसंबर तक कुल 18 दिनों का प्री-एनआई कार्य किया जाएगा।
इसके बाद 15 दिसंबर को 10 घंटे का मुख्य एनआई ब्लॉक लिया जाएगा। इस मुख्य ब्लॉक में चार घंटे सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था का डिस्कनेक्शन और छह घंटे का पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक शामिल रहेगा। अंत में 16 और 17 दिसंबर को पोस्ट एनआई का कार्य पूरा किया जाएगा।
Chakradharpur Railway Division: मेमू और लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द
इस निर्माण कार्य की अवधि में कई महत्वपूर्ण स्थानीय और लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें झारसुगुड़ा-संबलपुर मेमू (68031/68032 और 68033/68034), झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू (68861/68862), राउरकेला-झारसुगुड़ा मेमू (68029/68030), हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस (18175/18176), टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110) और राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस (18125/18126) शामिल हैं, जो अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी।
इसके अलावा, हावड़ा-पुणे एक्सप्रेस (12222/12221), हावड़ा-जनशताब्दी मार्ग की विभिन्न एक्सप्रेस सेवाएं, टाटानगर-संबलपुर, हटिया-पुणे, पुरी-राउरकेला, हटिया-दुर्ग और हावड़ा-सीएसएमटी दुरंतो सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित तिथियों में प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को एक से अधिक दिनों के लिए रद्द किया गया है, जबकि कुछ चुनिंदा तारीखों पर नहीं चलेंगी।
राजधानी व उत्कल एक्सप्रेस के बदले मार्ग, वंदे भारत सहित कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया है। उत्कल एक्सप्रेस (18477/18478), भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (22805/22806), नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस (20818) और टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) सहित कुछ अन्य ट्रेनों को निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। मार्ग बदलने के कारण यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है।
वहीं, कुछ ट्रेनों का परिचालन बीच रास्ते में ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया जाएगा। आरा-दुर्ग एक्सप्रेस (13288/13287) को राउरकेला तक ही सीमित किया जाएगा, जबकि गोरखपुर-संबलपुर एक्सप्रेस (15028/15027) का परिचालन हटिया तक ही होगा। इसके साथ ही, पुरी-राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (20835/20836) भी निर्धारित तिथियों में संबलपुर तक ही चलेगी। इन ट्रेनों के आगे के प्रभावित हिस्सों में सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी।
कई ट्रेनें होंगी रिशेड्यूल, यात्रा से पहले स्थिति जांचने की सलाह
नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के खुलने के समय में भी बदलाव किया गया है। जदुगुड़ा-हावड़ा एक्सप्रेस (18006), धनबाद-अल्लेप्पी एक्सप्रेस (13351), हटिया-पुरी एक्सप्रेस (18451), पुणे-हावड़ा एक्सप्रेस (12129), हावड़ा-किरंदुल एक्सप्रेस (12871) और हावड़ा-इंटरसिटी एक्सप्रेस (22861) को निर्धारित तिथियों में दो घंटे तक पुनर्निर्धारित (रिशेड्यूल) किया गया है। इसके अतिरिक्त, धनबाद-अल्लेप्पी एक्सप्रेस 12 और 14 दिसंबर को डेढ़ घंटे विलंब से रवाना होगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि झारसुगुड़ा यार्ड का रीमॉडलिंग कार्य पूरा होने के बाद इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख और वर्तमान परिचालन स्थिति की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा (139) से अवश्य प्राप्त कर लें।


