Saraikela News: चांडिल थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, आधुनिक कंपनी की बोलेरो के चालक पर नशे में होने का आरोप
Saraikela News: सरायकेला-खरसावां। जिले के चांडिल स्थित लेंगडीह गांव के पास सड़क किनारे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक बेहद तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मारते हुए एक घर से जा टकराई। हादसे के वक्त घर के बाहर बैठी दो महिलाओं ने बोलेरो को तेज गति से अपनी ओर आता देख समझदारी दिखाते हुए तुरंत दूसरी ओर छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बाल-बाल बच गई। हालांकि, इस भीषण टक्कर में बिजली का खंभा जड़ से उखड़कर गिर गया और मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
Saraikela News: गार्डों को लेकर यार्ड जा रही थी आधुनिक कंपनी की गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, आधुनिक कंपनी की सुरक्षा गार्डों को ले जा रही बोलेरो (पंजीकरण संख्या JH05 CD 2186) चांडिल स्थित कंपनी के यार्ड की ओर जा रही थी। इसी दौरान लेंगडीह के समीप मुख्य सड़क पर चालक ने अचानक वाहन पर से अपना संतुलन खो दिया। बेकाबू बोलेरो पहले सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकराई और फिर सीधे एक रिहाइशी मकान के बरामदे में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली का खंभा नीचे गिर गया और घर के बाहर रखे कई मिट्टी के बर्तन चकनाचूर हो गए।
Saraikela News: चालक के नशे में होने की आशंका, पुलिस और ग्रामीणों में तीखी बहस
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर दोनों महिलाएं समय रहते सतर्क न होतीं और कूदकर अपनी जान न बचातीं, तो कोई बड़ी दुखद घटना घट सकती थी। स्थानीय ग्रामीणों ने बोलेरो चालक पर अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है, हालांकि इस बात की पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान सुरक्षा मानकों और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर आक्रोशित स्थानीय लोगों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। इस दुर्घटना के बाद सड़क किनारे रहने वाले ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग अनियंत्रित भारी व व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर सख्त प्रशासनिक रोक लगाने की मांग कर रहे हैं


