Seraikela Drowning Incident: कोलाबड़िया गांव के पास नहाने के दौरान हुआ हादसा
Seraikela Drowning Incident: सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलाबड़िया गांव के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नदी में नहाने गए एक किशोर अमन कंदीर की गहरे पानी में डूबने से अकाल मौत हो गई। इस दुखद घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है।
Seraikela Drowning Incident: नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन कंदीर शुक्रवार को गांव के पास स्थित नदी की तरफ गया हुआ था। नदी में नहाने के दौरान वह अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया, जहां खुद को संभाल न पाने के कारण वह पानी में डूब गया। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अमन अपने घर नहीं लौटा, तो परिजनों को अनहोनी की चिंता सताने लगी।
परिजनों ने तुरंत उसकी खोजबीन शुरू की और नदी किनारे पहुंचे। तलाश के दौरान ही परिजनों व ग्रामीणों को नदी में किशोर के डूबने की घटना की जानकारी मिली, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, यूडी केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद किशोर के शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतक अमन के पिता एमलेन कंदीर द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर राजनगर थाने में यूडी (अपमृत्यु) केस दर्ज कर लिया गया है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इसे भी पढ़े : US Hindu Temple: अमेरिकी हिंदू मंदिर में दो साल से रची जा रही थी खूनी खेल की साजिश


