- सातनाला मार्ग पर देर रात हुआ हादसा, चालक वाहन समेत फरार; एंबुलेंस नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने टेंपो से पहुंचाया अस्पताल
Jharkhand: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बोंटा पंचायत मंडप के समीप सातनाला मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण घायलों को टेंपो के माध्यम से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Jharkhand News: घायलों की हुई पहचान
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
- रवि महतो, निवासी चौरा गांव (पटमदा थाना क्षेत्र)
- संजय लोहार, निवासी मिर्जाडीह
- आकाश महतो (18 वर्ष), निवासी गोकुलनगर
- विजय लोहार (16 वर्ष), निवासी डिमना
सभी घायलों का एमजीएम अस्पताल में उपचार जारी है।
शादी समारोह और धार्मिक पर्व से लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार रवि महतो बोंटा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। वहीं संजय लोहार, आकाश महतो और विजय लोहार पश्चिम बंगाल के गोकुलनगर क्षेत्र से अंबुबाची पर्व में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सातनाला रोड पर तेज रफ्तार अज्ञात कार ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यह गंभीर हादसा हुआ।
Jharkhand News: पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और मामले की जानकारी ली। पुलिस फरार कार चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल कर रही है। साथ ही संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
एंबुलेंस सेवा पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी उमेश महतो ने बताया कि हादसे के बाद 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वयं वाहन की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
Also Read: Jharkhand News: डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल



