spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJharkhand Weather News: खूंटी में आकाशीय बिजली का कहर, किसान की मौत,...

Related Posts

Jharkhand Weather News: खूंटी में आकाशीय बिजली का कहर, किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

  • तोरपा प्रखंड के रोन्हे गांव में खेत से लौट रहे किसान निस्तार टोपनो आकाशीय बिजली की चपेट में आए, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित; ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग उठाई।

Jharkhand: जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत हुसीर पंचायत के मुनगा टोली, रोन्हे गांव में रविवार रात आकाशीय बिजली गिरने से 52 वर्षीय किसान निस्तार टोपनो की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार निस्तार टोपनो रविवार शाम अपनी बारी (Agricultural Land) में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश की संभावना को देखते हुए वे घर लौटने लगे। घर पहुंचने से पहले ही वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

ग्रामीणों की तत्परता, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पंचायत के मुखिया प्रदीप गुड़िया को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुखिया ने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल किसान को रेफरल अस्पताल, तोरपा भेजवाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार बिजली गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

Jharkhand Weather News: परिवार में मातम, गांव में शोक की लहर

निस्तार टोपनो की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि निस्तार टोपनो एक मेहनती किसान थे और अपने परिवार के मुख्य सहारा थे। उनकी मौत से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में आ गया है।

प्रशासन से मुआवजे और सहायता की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक किसान के परिवार को आपदा राहत कोष के तहत उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले परिवार को तत्काल राहत मिलनी चाहिए ताकि उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।

Jharkhand Weather News: जिले में लगातार दूसरी बिजली गिरने की घटना

उल्लेखनीय है कि रविवार को ही खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड की कच्चाबारी पंचायत स्थित पतरा टोली में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। एक ही दिन में जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत होने के बाद लोगों में भय का माहौल है। प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की जा रही है।

Also Read: Ranchi News: NEET री-एग्जाम के दौरान NSUI ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

Latest Posts