Jamshedpur: कौशल विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में काम कर रहे ‘ई-डिजिटल इंडिया स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट’ ने एक बार फिर कोल्हान के युवाओं के लिए सफलता के नए द्वार खोले हैं। संस्थान के निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन से कुल 56 युवाओं का चयन देश की प्रतिष्ठित कंपनियों और आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए किया गया है।

टाटा मोटर्स में 16 छात्रों को मिला अप्रेंटिसशिप का मौका
हाल ही में आयोजित करियर मार्गदर्शन एवं रोजगार जागरूकता सत्र के बाद पी.एम. श्री उत्क्रमित +2 हाई स्कूल, सिमुलडांगा के 16 विद्यार्थियों ने अपनी योग्यता साबित की है। इन छात्रों का चयन टाटा मोटर्स लिमिटेड के सानंद (अहमदाबाद, गुजरात) प्लांट में अप्रेंटिस ट्रेनी के पद पर हुआ है। चयनित युवाओं को शानदार सुविधाओं के साथ रोजगार मिला है:
- स्टाइपेंड: ₹17,149 प्रतिमाह।
- सुविधाएं: निःशुल्क यूनिफॉर्म, भोजन, परिवहन और चिकित्सा सुविधा।
- बोनस: छह माह का कार्यकाल पूरा होने पर ₹12,000 का एकमुश्त रिटेंशन बोनस।
Jharkhand News: कॉल सेंटर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तक में चयन
संस्थान ने युवाओं को केवल पारंपरिक रोजगार तक सीमित न रखकर उन्हें भविष्य की तकनीक से भी जोड़ने का काम किया है। हालिया चयन प्रक्रिया के तहत:
- 20 युवा – आधुनिक ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)’ प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए।
- 15 युवा – डिमना स्थित एक प्रतिष्ठित कॉल सेंटर (वॉइस प्रोसेस) के लिए।
- 5 युवा – बिष्टुपुर स्थित एक नामी चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फर्म के लिए चुने गए हैं।
Jharkhand News: कोल्हान में गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ
इस अवसर पर सरायकेला स्थित ‘इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन’ के प्रतिनिधि अमन तिवारी ने छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया। उन्होंने बीबीए (BBA) और बीसीए (BCA) जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की बढ़ती मांग और शानदार प्लेसमेंट के अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने एक अहम जानकारी साझा करते हुए बताया कि ‘इंस्टीट्यूट फॉर एजुकेशन’ पूरे कोल्हान प्रमंडल का पहला और एकमात्र कॉलेज है, जहां उच्च शिक्षा के लिए झारखंड सरकार की गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर छात्र भी आसानी से अपना नामांकन करा सकते हैं।
रोजगार से आत्मनिर्भरता तक का सफर
सिमुलडांगा विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ई-डिजिटल इंडिया की इस पहल को ग्रामीण छात्रों के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों में यहाँ के बच्चों को मौका मिलना उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगा। वहीं, ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक रामकृष्ण ठाकुर ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्पष्ट कियाल कि हमारा विजन युवाओं को सिर्फ प्रमाण-पत्र देना नहीं है, बल्कि उन्हें उद्योगों की वास्तविक मांग के अनुरूप प्रशिक्षित कर रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए हमारी यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी।



