- बंगाल क्लब रोड पर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने के इरादे से की गई थी फायरिंग, पुलिस ने आरोपी विपिन शुक्ला को दबोचा।
Jharkhand: साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के समीप हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलमुरी टुइलाडुंगरी निवासी 28 वर्षीय विपिन शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
19 जून की रात हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार 19 जून की रात करीब 10 बजे बंगाल क्लब रोड पर एक युवक ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने मौके से 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व और सिटी डीएसपी सुधीर कुमार महतो की निगरानी में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
Jamshedpur Crime News: तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से मिला सुराग
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 21 जून को सीतारामडेरा बस स्टैंड की ओर जाते समय हाथीघोड़ा मंदिर के पास से विपिन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ हथियार
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी डीएसपी सुधीर कुमार महतो ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई अवैध देसी पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यही हथियार फायरिंग की घटना में इस्तेमाल किया गया था।
Jamshedpur Crime News: दुकानदारों को डराकर रंगदारी वसूलने की थी योजना
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने-धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। पुलिस का मानना है कि इस घटना का उद्देश्य इलाके में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली को अंजाम देना था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
आपराधिक पृष्ठभूमि की भी हो रही जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विपिन शुक्ला का संबंध चर्चित अपराधी दशरथ शुक्ला से है, जो उसका भाई बताया जा रहा है। दशरथ शुक्ला का नाम पूर्व में मिराज सिनेमा के मालिक हरीश सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था। उसका संबंध कुख्यात अपराधियों प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह से भी जोड़ा गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब वर्तमान मामले में संभावित आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Also Read: Jharkhand News: पूर्व सांसद बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने दी श्रद्धांजलि



