- निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय को बनाया निशाना, CCTV में कैद हुए संदिग्ध; जांच में जुटी पुलिस
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार देर रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना से हड़कंप मच गया। यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय के बाहर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
सॉस की बोतल में भरकर फेंका गया पेट्रोल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो संदिग्ध युवक देर रात कार्यालय के पास पहुंचे और सॉस की बोतलों में पेट्रोल भरकर परिसर की ओर फेंका। हालांकि दोनों बोतलें कार्यालय की बाउंड्री के बाहर ही गिर गईं, जिससे किसी प्रकार का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
Jharkhand Crime News: CCTV फुटेज में कैद हुए संदिग्ध
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियां वीडियो फुटेज की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि आरोपितों तक जल्द पहुंचा जा सके।
एफएसएल और विशेष टीमों को लगाया गया
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम सहित कई विशेष जांच दलों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है।
Jharkhand Crime News: RSS कार्यालय पहुंचे कई वरिष्ठ नेता
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार को कई वरिष्ठ नेता निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पहुंचे। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi, विधायक C. P. Singh और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री Sanjay Seth ने घटनास्थल का जायजा लिया। नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Khunti News: जर्जर भवन में चल रहा विद्यालय, हादसे के साये में पढ़ने को मजबूर सैकड़ों विद्यार्थी



