- चाकुलिया के इंदबनी गांव के पास जंगली हाथी ने 60 वर्षीय व्यक्ति को सूंड से उठाकर पटका, इलाके में दहशत का माहौल
Jharkhand: जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के समीप शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी के हमले में 60 वर्षीय काबुल मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों के अनुसार, काबुल मुंडा सुबह किसी काम से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान इंदबनी जंगल क्षेत्र के निकट उनकी अचानक एक जंगली हाथी से आमने-सामने मुठभेड़ हो गई।
सूंड से उठाकर पटक दिया
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, हाथी ने काबुल मुंडा को देखते ही हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद काबुल मुंडा दर्द से कराहते हुए मौके पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर हाथी को वहां से भगाने का प्रयास किया।
Jharkhand news: ग्रामीणों और वन विभाग ने पहुंचाई मदद
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। वन विभाग की टीम के सहयोग से घायल काबुल मुंडा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
तीन हाथियों के झुंड से ग्रामीणों में भय
ग्रामीणों ने बताया कि इंदबनी जंगल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तीन जंगली हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के डर से लोग खेतों और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। खासकर सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है।
Jharkhand news: वन विभाग से की गई सुरक्षा व्यवस्था की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर सुरक्षित जंगलों की ओर खदेड़ने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और स्थायी उपाय करने का आग्रह भी किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं।



