spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJharkhand Bakrid News: जमशेदपुर में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई...

Related Posts

Jharkhand Bakrid News: जमशेदपुर में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद

  • ईदगाहों और मस्जिदों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ

Jamshedpur: ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व गुरुवार को जमशेदपुर शहर में धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने अल्लाह की इबादत कर देश-दुनिया में अमन, चैन, तरक्की और इंसानियत कायम रहने की दुआ मांगी।

शहर की ईदगाहों में दिखी रौनक

मानगो ईदगाह, आमबगान ईदगाह, जुगसलाई ईदगाह, कपाली ईदगाह, धतकीडीह, सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर, परसुडीह और गोलमुरी सहित शहर के कई इलाकों में सुबह से ही त्योहार का उत्साह देखने को मिला। नए कपड़ों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में नमाज अदा करने पहुंचे। ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास लोगों की चहल-पहल बनी रही और इत्र की खुशबू से पूरा माहौल महक उठा।

Jharkhand Bakrid News: इमामों ने दिया कुर्बानी और इंसानियत का संदेश

ईद की नमाज के दौरान पेश इमामों ने अपने खुतबे में हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम और हजरत इस्माइल अलैहिस्सलाम की कुर्बानी का जिक्र करते हुए लोगों को त्याग, सब्र, इंसानियत और अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का संदेश दिया। इमामों ने कहा कि अल्लाह के हुक्म पर हजरत इब्राहिम अपने बेटे हजरत इस्माइल को कुर्बान करने के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन अल्लाह ने उनकी सच्ची नीयत देखकर हजरत इस्माइल की जगह एक दुंबे की कुर्बानी कबूल कर ली। इसी याद में हर वर्ष ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया जाता है। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश भी दिया।

लोगों ने गले मिलकर दी मुबारकबाद

नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हुआ। इस्लामी परंपरा के अनुसार लोगों ने कुर्बानी दी और उसका हिस्सा गरीबों और जरूरतमंदों के बीच बांटा। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और मुस्लिम कमेटियों की ओर से जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री और अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

Jharkhand Bakrid News: घरों में बने पारंपरिक व्यंजन

बकरीद के अवसर पर घरों में सेवइयां, बिरयानी, कबाब और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाए गए। लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर एक-दूसरे को त्योहार की शुभकामनाएं देते रहे। मानगो, जुगसलाई, सोनारी और धतकीडीह क्षेत्रों में दिनभर त्योहार की रौनक बनी रही।

प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क

त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शहर के संवेदनशील इलाकों, ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं नगर निगम की ओर से ईदगाहों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई तथा पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे शहर में बकरीद का पर्व सौहार्द, शांति और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुआ।

Also Read: Palamu News: रामपुर गोलीकांड के पीड़ित परिवार से मिले पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी

Latest Posts