- हुरलुंग पुल के पास अचानक धू-धू कर जलने लगी हाईवा
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के Jamshedpur में मंगलवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित हुरलुंग पुल के पास एक चलती हाईवा वाहन में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब पांच बजे बताई जा रही है। आग लगते ही वाहन से तेज धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार हाईवा वाहन संख्या JH02AX-2778 बहरागोड़ा से जमशेदपुर की ओर आ रहा था। जब वाहन हुरलुंग पुल के समीप पहुंचा, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट होने से इंजन वाले हिस्से में आग लग गई।
चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
हाईवा चालक Dilip Gop ने समय रहते स्थिति को समझ लिया और तुरंत वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोक दिया। इसके बाद वह तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका होता, तो आग तेजी से फैल सकती थी और आसपास के लोगों के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
Jharkhand Accident News: स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझाई आग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने से हाईवा के इंजन और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हाईवा में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर वाहनों की आवाजाही फिर शुरू कराई गई। घटना की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



