- कोल्हान विश्वविद्यालय में कुरमाली भाषा के पद सृजन की मांग, विद्यार्थियों के भविष्य और मातृभाषा शिक्षा को बताया जरूरी
Jamshedpur: पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कुरमाली भाषा को शैक्षणिक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर कोल्हान विश्वविद्यालय में कुरमाली भाषा के शैक्षणिक पदों के सृजन की मांग की है। उन्होंने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। यह मांग अदिवासी कुड़मि समाज केंद्रीय समिति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन के आधार पर उठाई गई है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर विभाग और विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों में लंबे समय से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कुरमाली भाषा की पढ़ाई कर रहे हैं। इसके बावजूद इस विषय के लिए पर्याप्त शिक्षक और शैक्षणिक पद उपलब्ध नहीं हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण और संवर्धन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय ले चुकी है। सरकार द्वारा विभिन्न भाषाओं में शैक्षणिक पदों के सृजन का निर्णय लिया गया था, जिसमें कुरमाली भाषा को भी शामिल किया गया था। लेकिन हाल ही में जारी विभागीय संकल्प में कुरमाली भाषा के पदों का समुचित उल्लेख नहीं होने से छात्रों और समाज के लोगों में निराशा है।
पूर्णिमा साहू ने अपने पत्र में इस बात पर भी जोर दिया कि कुरमाली झारखंड की द्वितीय राजभाषा है और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 भी मातृभाषा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की बात करती है। ऐसे में विश्वविद्यालय स्तर पर कुरमाली भाषा के लिए स्थायी शैक्षणिक पदों का सृजन समय की मांग है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं का संरक्षण केवल सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा, परंपरा और संस्कृति से जोड़ने का माध्यम भी है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसरों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के हित और क्षेत्रीय भाषाओं के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कोल्हान विश्वविद्यालय में जल्द से जल्द कुरमाली भाषा के शैक्षणिक पदों का सृजन सुनिश्चित किया जाए।
Also Read: Jamshedpur News: बट सावित्री व्रत पर भक्ति में डूबा जमशेदपुर, सुहागिन महिलाओं ने मांगा अखंड सौभाग्य



