पूर्वी सिंहभूम, 14 अप्रैल: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–हाता मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। यह हादसा तुड़ी गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब पांच बजे हुआ।
पैतृक गांव जा रहा था दंपति
मृतक की पहचान श्याम सिंह मुंडा (50) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल स्थित उलीडीह गांव के निवासी थे और वर्तमान में जमशेदपुर के बिरसानगर में परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अपने पैतृक गांव उलीडीह जा रहे थे।
सड़क किनारे खड़े हाईवा से भिड़ी बाइक
इसी दौरान तुड़ी गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक हाईवा वाहन से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्याम सिंह मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी भी सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद श्याम सिंह मुंडा को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी का इलाज जारी
चिकित्सकों के अनुसार, घायल पत्नी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हाईवा वाहन सड़क किनारे बिना पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था के खड़ा था, जिसके कारण हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read : East Singhbhum Train Accident : रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए बुजुर्ग, मौके पर मौत



